सदर बाजार में 'हमर अस्पताल' का निर्माण शीघ्र प्रारंभ होगा - कन्हैया
सदर बाजार में 'हमर अस्पताल' का निर्माण शीघ्र प्रारंभ होगा - कन्हैया
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी ने दिलाया भरोसा - कन्हैया
* *प्रशासनिक उदासीनता और फंड रोकने के कारण खंडहर में तब्दील हो रही जनहित की परियोजना*
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और अतुल रघुवंशी के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने सदर बाजार वार्ड में अर्ध-निर्मित 'हमर अस्पताल' के भवन निर्माण को पूर्ण कराने हेतु स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल CGMSC (छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन) के प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर मामले का परीक्षण करने और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।
*राजनीतिक दुर्भावना और प्रशासनिक उदासीनता का शिकार हुई परियोजना*
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर, सुलभ और मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शहरी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर के माध्यम से 'हमर अस्पताल' की स्वीकृति दी गई थी। परंतु खेद का विषय है कि सरकार बदलने के बाद राजनीतिक दुर्भावना और प्रशासनिक उदासीनता के चलते यह जनहितकारी परियोजना अधर में लटकी हुई है । श्री अग्रवाल ने इसके लिए स्थानीय सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और विधायक श्री सुनील सोनी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यह रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्रति उनकी घोर उदासीनता का परिचायक है।
*फंड रोकने से टेंडर हुआ निरस्त, खंडहर बना अस्पताल*
स्वास्थ्य मंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि इस अस्पताल के निर्माण हेतु 14 अप्रैल 2022 को 25 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। समस्त प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात 26 सितंबर 2023 को टेंडर स्वीकृत हुआ और मेसर्स नटराज इंफ्रा बिल्डकॉन द्वारा 4 मार्च 2024 को भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ किया गया था। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के पश्चात 15वें वित्त से जारी इस राशि को दुर्भावनापूर्वक रोक दिया गया, जिससे फंड लैप्स हो गया या वापस मंगा लिया गया। नतीजतन, 25 जुलाई 2024 से फंड के अभाव में निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है । प्रशासनिक लापरवाही के कारण इस अस्पताल का टेंडर भी निरस्त कर दिया गया है । नया फंड जारी न होने की वजह से वर्तमान में यह निर्माणाधीन अस्पताल एक खंडहर का रूप ले चुका है ।
*दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करे सरकार*
श्री अग्रवाल ने मांग की है कि रायपुर दक्षिण की जनता के व्यापक हित और स्वास्थ्य आवश्यकताओं को देखते हुए सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठे। 'हमर अस्पताल' के लिए तत्काल नया फंड स्वीकृत किया जाए एवं नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य को अविलंब प्रारंभ कराया जाए।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया कि वे इस योजना का त्वरित परीक्षण करवा रहे हैं और प्रबंध संचालक को निर्देशित कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा।

