कचरा संग्रहण के पश्चात उसे ट्रांसफर स्टेशन तक ले जाते समय प्रत्येक कचरा वाहन पर निर्धारित मानक की ग्रीन नेट लगी हो : मीनल चौबे

कचरा संग्रहण के पश्चात उसे ट्रांसफर स्टेशन तक ले जाते समय प्रत्येक कचरा वाहन पर निर्धारित मानक की ग्रीन नेट लगी हो : मीनल चौबे

महापौर मीनल ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने कचरा परिवहन वाहनों में समान ग्रीन नेट लगाने दिए निर्देश

रायपुर - राजधानी शहर रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने स्वच्छता की जिम्मेदारी निभा रहे ड्राइवरों एवं सफाई मित्रों से संवाद किया। इस अवसर पर महापौर ने निर्देश दिए कि कचरा परिवहन के दौरान कचरे के फैलाव को रोकने एवं पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी कचरा परिवहन वाहनों में एक ही प्रकार एवं मानक की ग्रीन नेट अनिवार्य रूप से लगाई जाए।
बैठक में इस बात पर विशेष रूप से जोर दिया गया कि घरों एवं दुकानों से कचरा संग्रहण के पश्चात उसे ट्रांसफर स्टेशन तक ले जाते समय प्रत्येक कचरा वाहन पर निर्धारित मानक की ग्रीन नेट लगी हो। इससे पहले कचरा ढकने के लिए अलग अलग प्रकार के तिरपालों का उपयोग किया जाता था, जिससे एकरूपता की कमी रहती थी तथा कचरा गिरने की संभावना बनी रहती थी। नई व्यवस्था के तहत अब सभी वाहनों पर एक समान मानक एवं टिकाऊ ग्रीन नेट का प्रयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि कचरा परिवहन के दौरान सड़कों पर कचरे का गिरना न केवल अस्वच्छता फैलाता है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ग्रीन नेट के उपयोग से कचरा सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुँचेगा, सड़कें स्वच्छ रहेंगी और शहर की स्वच्छ तथा सुव्यवस्थित छवि सुदृढ़ होगी।  ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 के अनुसार अपशिष्ट का संग्रहण एवं प्रसंस्करण स्थल तक परिवहन इस प्रकार किया जाना चाहिए कि परिवहन के दौरान कचरा खुले में न गिरे, न फैले तथा पर्यावरण एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
महापौर ने ड्राइवरों एवं सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उनसे स्वच्छता अभियान में निरंतर सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपील की। साथ ही रायपुर नगर पालिक निगम के अधिकारियों एवं रामकी कंपनी के प्रोजेक्ट हेड  योगेश कुमार को निर्देशित किया गया कि वे इस व्यवस्था का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा नियमित निगरानी के माध्यम से इसके प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करें।