नीट की प्रवेश परीक्षा 21 जून को, प्रभारी कलेक्टर ने तैयारियों को लेकर बैठक ली

नीट की प्रवेश परीक्षा 21 जून को, प्रभारी कलेक्टर ने तैयारियों को लेकर बैठक ली
नीट की प्रवेश परीक्षा 21 जून को, प्रभारी कलेक्टर ने तैयारियों को लेकर बैठक ली

आगामी 21 जून को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर जिले के प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी ने आज दोपहर बैठक लेकर जिले में स्थापित केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही एनटीए द्वारा दिशा निर्देशों के अनुरूप तैयारियों के संबंध में जानकारी ली।
जिला पंचायत के कक्ष में आयोजित बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री मण्डावी ने बताया कि नीट परीक्षा के लिए कांकेर में तीन परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उक्त परीक्षा का आयोजन दोपहर 02 से सायं 05 बजे तक एक पाली में किया जाएगा तथा इसके लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के संबंध में एनटीए द्वारा जारी निर्देशों का उल्लेख करते हुए बताया कि दोपहर 01.30 बजे परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। साथ ही यह भी बताया गया कि जिले के तीनों परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं तथा जैमर का इंस्टालेशन किया जा रहा है। प्रभारी कलेक्टर ने परीक्षा के दौरान केन्द्रों में जनरेटर एवं सभी आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने प्रत्येक केन्द्र में तकनीकी अधिकारियों की टीम गठित करने हेतु कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग को दिए। नोडल अधिकारी श्रीमती बोरकर ने बताया कि परीक्षा के एक दिन पूर्व 20 जून को सम्पूर्ण प्रक्रिया की मॉक ड्रिल भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में स्थापित परीक्षा केन्द्रों के लिए कुल 1587 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें शासकीय पीजी कॉलेज में 720 परीक्षार्थी, नरहरदेव स्कूल में 459 तथा शहीद रामकुमार कन्या विद्यालय में 408 परीक्षार्थी शामिल हैं। बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने उपस्थित सभी अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया कि परीक्षा के आयोजन के संबंध में एनटीए द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम कांकेर श्री अरुण वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, एनटीए के नगर समन्वयक श्री राजू गोस्वामी सहित तीनों परीक्षा केन्द्रों के संस्था प्रमुख व पर्यवेक्षक उपस्थित थे।