*गुरुद्वारा स्टेशन रोड रायपुर के नए अध्यक्ष बने सरदार इंद्रजीत सिंह छाबड़ा - सरदार कुलदीप सिंह चावला को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी*
*गुरुद्वारा स्टेशन रोड रायपुर के नए अध्यक्ष बने सरदार इंद्रजीत सिंह छाबड़ा - सरदार कुलदीप सिंह चावला को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी*
प्रबंधक कमेटी चुनाव – सर्वसम्मति से चयन
रायपुर :
प्रदेश के सबसे बड़े गुरुद्वारा साहिब गुरुद्वारा स्टेशन रोड में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव को लेकर चल रही प्रक्रिया आज गुरु घर की मर्यादा, परंपरा और आपसी भाईचारे की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजूरी में गुरु की आज्ञा लेकर सर्वसम्मति से सरदार इंद्रजीत सिंह छाबड़ा को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रधान तथा सरदार कुलदीप सिंह चावला को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
ज्ञातव्य है कि अध्यक्ष पद को लेकर वर्तमान अध्यक्ष सरदार सुरेंद्र सिंह छाबड़ा अपनी टीम के सरदार इंद्रजीत सिंह छाबड़ा को अध्यक्ष बनाना चाहते थे, वहीं दूसरी ओर सरदार कुलदीप सिंह चावला भी अध्यक्ष पद के दावेदार थे। दोनों ही पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ चुनाव मैदान में थे। आपसी सहमति न बनने पर मामला पंजीयक, फर्म एंड सोसायटी के समक्ष गया, जहां से पूर्व CSP सरदार जी.एस. भामरा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। मतदाता सूची, परिचय पत्र, नामांकन एवं नाम वापसी की तिथियां विधिवत निर्धारित कर दी गई थीं।
दिनांक 13 फरवरी को नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जिसमें दोनों प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद हेतु नामांकन दाखिल किया तथा कार्यकारिणी के 12 पदों के लिए भी अनेक नामांकन प्राप्त हुए।
इसी बीच रायपुर शहर की सभी 18 गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों, छत्तीसगढ़ सिख समाज, छत्तीसगढ़ सिख संगठन तथा अन्य धर्मप्रेमी सामाजिक संस्थाओं ने एकजुट होकर विचार-विमर्श किया। सर्वसम्मति से यह मत व्यक्त किया गया कि गुरु घर में अध्यक्ष का चयन वर्षों से आपसी सहमति एवं सर्वसम्मति से होता आया है और यही परंपरा समाज हित में सर्वोत्तम है।
गुरु मर्यादा और एकता की भावना को सर्वोपरि रखते हुए दोनों ही दावेदारों के बीच सौहार्दपूर्ण समझौता कराया गया। इसके पश्चात सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने नाम वापस लेकर चुनाव अधिकारी को सहमति पत्र सौंप दिया।
चुनाव अधिकारी सरदार जी.एस. भामरा ने प्राप्त सहमति पत्र के आधार पर सरदार इंद्रजीत सिंह छाबड़ा को अध्यक्ष एवं सरदार कुलदीप सिंह चावला को कार्यकारी अध्यक्ष का प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव प्रक्रिया को विधिवत संपन्न कराने में उनके सहयोगी प्रोफेसर BS छाबड़ा, देवेंद्र सिंह सिब्बल, जगजीत सिंह खनूजा एवं हरदीप सिंह ने नियमानुसार अपनी भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान अध्यक्ष सरदार सुरेंद्र सिंह छाबड़ा का कार्यकाल 19 फरवरी 2026 को पूर्ण हो रहा है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर शहर की सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के अध्यक्ष, पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में संगतजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में “सरबत दा भला” के सिद्धांत को आगे बढ़ाते हुए गुरु घर की एकता, सेवा और भाईचारे की परंपरा को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।
cg24
