छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक अध्यक्ष डॉ. Raman Singh ने दी विस्तृत जानकारी

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक  अध्यक्ष डॉ. Raman Singh ने दी विस्तृत जानकारी

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक

अध्यक्ष डॉ. Raman Singh ने दी विस्तृत जानकारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का अष्टम सत्र (बजट सत्र) 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आहूत किया गया है। इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि सत्र की कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं।

सत्र की शुरुआत सोमवार, 23 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:05 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा 25 फरवरी को होगी। अभिभाषण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन एवं आकाशवाणी से किया जाएगा।

वित्तीय कार्यों का कार्यक्रम

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्ययक (बजट) का प्रस्तुतिकरण 24 फरवरी 2026 को अपराह्न 12:30 बजे वित्तमंत्री श्री O. P. Choudhary द्वारा किया जाएगा। बजट भाषण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन, रायपुर एवं आकाशवाणी, रायपुर से होगा।

26 एवं 27 फरवरी को बजट पर सामान्य चर्चा होगी।

9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी।

17 मार्च को विनियोग विधेयक प्रस्तुत किया जाएगा।

18 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा एवं पारण की तिथि निर्धारित की गई है।

शोक उल्लेख

सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य स्व. श्री दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन का उल्लेख किया जाएगा।

विधि विषयक कार्य

अब तक प्राप्त शासकीय विधेयकों में प्रमुख रूप से—

छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026

छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक, 2026

शामिल हैं, जिन पर सत्र के दौरान चर्चा संभावित है।

प्रश्न एवं अन्य सूचनाएं

अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि अब तक कुल 2813 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 1437 तारांकित एवं 1376 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अतिरिक्त—

61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

नियम 139 के अंतर्गत अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा हेतु 1 सूचना

13 अशासकीय संकल्प

9 शून्यकाल सूचनाएं

112 याचिकाएं

प्राप्त हुई हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी बजट सत्र में वित्तीय एवं विधायी कार्यों के साथ-साथ जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।