समय पर नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस, महिला की हुई मौत…जानें पूरा मामला

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक बार फिर एम्बुलेंस 108 सेवा की लापरवाही सामने आई है। खेत में धान रोपते समय दो महिलाओं को करंट लगने से गंभीर हालत हो गई। एक महिला की इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दुखद मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल है। परिजनों का आरोप है कि समय पर एम्बुलेंस 108 उपलब्ध नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के अनुसार, देवनगर स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। लेकिन एम्बुलेंस 108 के लिए कई घंटों तक कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। मजबूरी में परिजनों को डायल 100 की पुलिस गाड़ी और थाना देवनगर की गाड़ी से घायल महिलाओं को अस्पताल ले जाना पड़ा। इस दौरान एक महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
परिजनों ने एम्बुलेंस 108 सेवा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती, तो शायद उनकी जान बच सकती थी। जिले में एम्बुलेंस 108 सेवा की स्थिति को लेकर लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने इसे महज दिखावा बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को उजागर करती है। सवाल यह है कि आखिर कब तक ऐसी लापरवाही से मासूम जिंदगियां खतरे में पड़ती रहेंगी?