स्टेट क्रिएटर एंड इंफ्लुएंसर अवॉर्ड पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, पूछा- सरकारी आयोजन था या निजी?
स्टेट क्रिएटर एंड इंफ्लुएंसर अवॉर्ड पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, पूछा- सरकारी आयोजन था या निजी?
वोटिंग में गड़बड़ी और चहेते लोगों को अवॉर्ड देने के आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री ने मांगा जवाब, सरकारी राशि के खर्च का हिसाब भी पूछा
रायपुर। स्टेट क्रिएटर एंड इंफ्लुएंसर अवॉर्ड कार्यक्रम को लेकर उठे विवाद के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार से कई सवाल पूछे हैं। उन्होंने कार्यक्रम की पारदर्शिता, वोटिंग प्रक्रिया और आयोजन में सरकारी राशि के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े किए।
भूपेश बघेल ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान काफी विवाद हुआ था। कई क्रिएटर्स ने आयोजन को लेकर शिकायतें की थीं। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी लगातार वायरल हुआ। आरोप लगाए गए कि वोटिंग की संख्या में गलत तरीके से बदलाव कर अपने चहेते लोगों को अवॉर्ड दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिस वेबसाइट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की जा रही थी, उस पर छत्तीसगढ़ शासन का चिन्ह लगा हुआ था। वेबसाइट पर सरकारी पहचान होने के बावजूद बाद में उसे हटा दिया गया। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि आयोजन की वास्तविक प्रकृति क्या थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आयोजन में खर्च की गई कुल राशि और उसके भुगतान के स्रोत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किस मद से कार्यक्रम के लिए राशि खर्च की गई और कुल कितनी राशि खर्च हुई, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
भूपेश बघेल ने बताया कि एक दिन पहले स्टार पीआर एजेंसी की ओर से प्रेस रिलीज जारी की गई थी, जिसमें इस आयोजन को पूरी तरह निजी कार्यक्रम बताया गया और कहा गया कि इसके लिए किसी भी प्रकार की सरकारी राशि नहीं ली गई।
इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने राज्य सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा कि आखिर यह कार्यक्रम सरकारी था या निजी? यदि आयोजन सरकारी था, तो किस विभाग ने किस मद से और कितनी राशि उपलब्ध कराई? वहीं, यदि यह पूरी तरह निजी आयोजन था, तो मुख्यमंत्री द्वारा विजेताओं को दिए गए इनामी चेक पर छत्तीसगढ़ शासन का चिन्ह कैसे मौजूद था?
पूर्व मुख्यमंत्री ने पूरे मामले में राज्य सरकार से स्थिति स्पष्ट करने और आयोजन से जुड़ी वित्तीय जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

