छत्तीसगढ़ बोर्ड टॉपर्स को केंद्रीय मंत्री तोखन साहू की बधाई, अंशुल शर्मा से सोनपापड़ी के साथ मुलाकात का किया वादा

मन्नू मानिकपुरी संवाददाता बिलासपुर
 
बिलासपुर- केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
 
मंत्री तोखन साहू ने कहा कि 12वीं बोर्ड परीक्षा में बलौदाबाजार के जिज्ञासु वर्मा द्वारा प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना तथा बेमेतरा की ओमनी वर्मा एवं रायगढ़ के कृष महंत का शीर्ष स्थानों में शामिल होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। वहीं 10वीं बोर्ड परीक्षा में महासमुंद की संध्या नायक, परीरानी प्रधान एवं मुंगेली के अंशुल शर्मा द्वारा शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करना बेहद प्रेरणादायक उपलब्धि है।
 
इसी दौरान  तोखन साहू ने मुंगेली के मेधावी छात्र अंशुल शर्मा से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें विशेष रूप से शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान उन्होंने अंशुल से जल्द मुलाकात करने तथा उनकी पसंदीदा मिठाई ‘सोनपापड़ी’ के साथ सफलता का जश्न मनाने का वादा भी किया।
 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।