पुणे व बेंगलुरु शहर में भारी बारिश के चलते जलभराव से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। तापमान में उतार-चढ़ाव
मॉनसून के पहुंचने से पहले पश्चिमी घाट के कुछ हिस्सों, कर्नाटक से लेकर महाराष्ट्र के कई इलाकों में आंधी तूफानी के साथ भारी बारिश का दौर जारी है। पुणे व बेंगलुरु शहर में भारी बारिश के चलते जलभराव से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। विभाग ने इस तरह की मौसमी गतिविधि के पीछे हवाओं के चक्रवाती प्रसार व ट्रफ को जिम्मेवार ठहराया है।
मौसम विभाग की मानें तो आज, 21 मई, 2025 को कर्नाटक के तटीय और घाट के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने, तूफानी हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी से लेकर अत्यधिक भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है, यहां 204.5 मिमी से अधिक बारिश होने की आशंका है।
वहीं देश के विभिन्न हिस्सों में जारी चक्रवाती प्रसार के चलते आज, यानी 21 मई, 2025 को असम और मेघालय, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट के इलाकों और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ, वज्रपात व गरज के साथ भारी से बहुत बारिश बारिश होने की आशंका जताई गई है, इन सभी राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।
जबकि आज, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, केरल और माहे, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं, यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मौसम के ताजा अपडेट में कहा गया है कि मध्य पाकिस्तान से उत्तरी राजस्थान, दक्षिण हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक समुद्र तल से औसतन 1.5 किमी ऊपर पूर्व-पश्चिम हवाओं का ट्रफ बना हुआ है। जिसके कारण 21 से 26 मई के दौरान पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
वहीं आज, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने के भी आसार हैं। जबकि पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने का अंदेशा जताया गया है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
वहीं, देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 20 मई, 2025 को पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में बिहार के दरभंगा में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
cg24
