CG : छत्तीसगढ़ में कल छुट्टी का ऐलान, स्कूल-कॉलेज, सरकारी दफ्तर और बैंक रहेंगे बंद!
छत्तीसगढ़ शासन के वार्षिक अवकाश कैलेंडर में गुरु नानक जयंती के अवसर पर 24 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सिख समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है। इस दिन गुरुद्वारों में विशेष दीवान, गुरुवाणी कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालु गुरुद्वारों में पहुंचकर गुरु साहिब के समक्ष मत्था टेकते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।
नवंबर में त्योहारों के बाद अब गुरु नानक जयंती की छुट्टी
नवंबर का महीना इस बार त्योहारों और छुट्टियों से भरा रहा। दिवाली, भाई दूज, छठ पूजा और देवउठनी एकादशी जैसे पर्वों के चलते स्कूलों में अलग-अलग दिनों में अवकाश रहा। अब महीने के अंतिम सप्ताह में गुरु नानक जयंती की छुट्टी मिलने जा रही है। 24 नवंबर का अवकाश नवंबर महीने की आखिरी प्रमुख सार्वजनिक छुट्टियों में शामिल होगा।
रायपुर में नगर कीर्तन में उमड़ा आस्था का सैलाब
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर रविवार को राजधानी रायपुर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, स्टेशन रोड से शुरू हुए नगर कीर्तन में पंच प्यारों ने अगुवाई की। फूलों से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी के साथ निकले नगर कीर्तन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
नगर कीर्तन स्टेशन रोड से फाफाडीह चौक, शास्त्री चौक और गौरवपथ होते हुए करीब पांच घंटे में तेलीबांधा स्थित बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पंच प्यारों का स्वागत किया। रागी सिंहों द्वारा गुरबाणी कीर्तन और गतका दल के पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया।
नगर कीर्तन में लंगर सेवा और मानवता के संदेश को प्रदर्शित करती झांकियां भी शामिल रहीं। इनके माध्यम से गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के साथ निःस्वार्थ सेवा और भाईचारे का संदेश दिया गया। नगर कीर्तन के पीछे सेवादार सफाई व्यवस्था में भी जुटे रहे।
24 नवंबर को खालसा स्कूल में सजेगा विशेष दीवान
प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर को रायपुर के खालसा स्कूल परिसर में गुरुवाणी कीर्तन का विशेष दीवान सजाया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। गुरुद्वारों में भी प्रकाश पर्व को लेकर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
editor 
