तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों का फसल बर्बाद सरकार मुआवजे का आंकलन भी नहीं करवा रही - दीपक बैज
रायपुर/21 नवंबर 2026। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये कहा कि पिछले 24 दिनों में तीन चक्रवाती तूफानों के कारण किसानों का बड़ा नुकसान हुआ है। यह तीनों तूफान ऐसे समय आये है, जब किसानों की फसल तैयार हो गयी है। अभी अकवान तूफान के समय बहुत से किसानों का धान खरीदी केन्द्रो पर पहुंच चुका है। वहां पर बे-मौसम बारिश से भीग गया है। बहुत से किसानों का धान बेमौसम बारिश से गिर गया है। लाखो किसानों का धान अभी खेतो में कटकर करपा पड़ा था। बियारा तक नहीं आया है तथा भीग कर वही खराब हो गया है। बस्तर क्षेत्र में पहले ही 1083 गांवो के 74 हजार से अधिक लोग और 6154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हो चुकी है। पूरे प्रदेश में लाखों हेक्टेयर धान की फसल खराब हो चुकी है। लेकिन यह सरकार गंभीर नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले दो तूफानों अर्नव और मुरासू से हुए नुकसान के आंकलन का सर्वे सरकार की तरफ से नहीं करवाया गया है। तीसरे तूफान अकवान का अभी प्रभाव खत्म नहीं हुआ है। किसानों के नुकसान के आंकलन के लिये कोई प्रयास नहीं किये जाने से सरकार की नीयत में खोट दिख रही है। अब जबकि चक्रवाती तूफान ‘अकवान‘ आया हुआ है, बहुत से किसान धान बेचने के लिये अपना टोकन कटवा चुके थे, लेकिन तीन चार दिनों से खराब मौसम के कारण वे धान नहीं बेच पाये है, उनका टोकन लेप्स हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि तीनो तूफान के समय से ही पटवारी हड़ताल में है। सरकार ने इस हड़ताल को समाप्त करवाने के लिये कोई ठोस प्रयास नहीं किया। पटवारी के माध्यम से ही फसलो के नुकसान का आंकलन करवाया जाता है। पटवारियो के हड़ताल से आंकलन नहीं हो पा रहा। सरकार कोई वैकल्पिक रास्ता भी नहीं देख रही। मतलब फसल क्षतिपूर्ति नहीं देना चाहती है। निजी फसल बीमा कंपनिया सरकार के संरक्षण में मोटा मुनाफा कमा रही है, प्रीमियम जमा करके भी किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा है, किसान इस सरकार की बदनीयती से बर्बाद हो रहे है।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है
ऽ सरकार तत्काल तीनो तूफानो से हुए नुकसान का आंकलन कर के क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करें।
ऽ बीमा कंपनियों को सरकार की तरफ से निर्देश जारी किया जाये कि वे तत्काल फसलों के नुकसान का आंकलन कर क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करें।
ऽ राजस्व नियम के आपदा राहत प्रावधान के तहत राजस्व पुस्तिका 6/4 के अनुसार भी मुआवजा प्राप्त करना किसानों का अधिकार है, जिस पर ये सरकार गंभीर नहीं है।
ऽ सभी ब्लाको में कृषि अधिकारियो को नोडल अधिकारी बना कर फसल बीमा राशि प्रदान करने बीमा कंपनियो का निगरानी कराये।
ऽ क्षतिपूर्ति की गणना प्रति एकड़ 21 क्विंटल के उत्पादन तथा 3100 रू. प्रति क्विंटल के मूल्य से की जाये। अर्थात धान के लिये 65100 रू. प्रति एकड़ क्षतिपूर्ति तत्काल घोषित करे।
ऽ जो किसान ने तीन दिनों से टोकन कटवा कर धान नहीं बेच पाये है, उनका टोकन फिर से जारी किया जाये।
ऽ मौसम की स्थिति को देखते हुये धान खरीदी की तिथि अभी से 15 दिन और बढ़ाने की घोषणा की जाये।
ऽ सरकार पटवारी हड़ताल समाप्त करने के लिये तत्काल पहल करे।
पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सकलेन कामदार, प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा, वंदना राजपूत, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, राजनांदगांव जिला अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहुजा, वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह उपस्थित थे।

