*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुढालपेन करसाड़ एवं मांदरी महोत्सव 2025 में की शिरकत*
*कांकेर जिले के संबलपुर हाई स्कूल कराठी में हुआ पारंपरिक संस्कृति का भव्य उत्सव*
*भानुप्रतापपुर और दुर्गुकोंदल में गोंडवाना समाज के भवन के लिए किए 25 -25 लाख रुपए की घोषणा*
उत्तर बस्तर कांकेर 5 जून 2025 —
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कांकेर जिले के ग्राम कराठी (संबलपुर) में आयोजित बुढालपेन करसाड़ एवं मांदरी महोत्सव 2025 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। यह महोत्सव क्षेत्र की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का प्रतीक माना जाता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय आदिवासी परंपराओं और लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि बुढालपेन करसाड़ और मांदरी महोत्सव हमारे पुरखों की परंपराओं और सांस्कृतिक गौरव का उत्सव है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री श्री साय ने महोत्सव स्थल में सबसे पहले आदिवासी समाज के आराध्य देव बूढ़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि एवं शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के लिए सभी आयोजको को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने कहा कि आज विश्व पर्यावरण दिवस है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सभी से पेड़ लगाने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को अपने अपने मां के नाम पर एक एक पेड़ लगाने की अपील की।
बुढालपेन करसाड़ एवं मांदरी महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वज द्वारा बताए गए संस्कृति को हमें नहीं भूलना है, मिलजुल कर रहना है और इस परंपरा को हमेशा जीवित रखना है। इस परंपरा को बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनते ही हमने पीएम आवास योजना के तहत 18 लाख परिवारों को आवास की स्वीकृति दी थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान 3 लाख लोगों को गृह प्रवेश कराया था। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा सभी वर्गों के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है ताकि सभी आत्मनिर्भर बन सके और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके। महिलाओं के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना से महिलाएं अब आत्मनिर्भर बनती जा रही है। हमारी सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, तेंदूपत्ता बोनस योजना सहित अन्य योजनाएं चलाई जा रही है। सभी पंचायतों में बैंकिंग सुविधा दी जाएगी। प्रत्येक विकासखंड के 10- 10 ग्राम पंचायतों में यह सुविधा प्रारंभ की जा चुकी है, जिसके तहत 1460 ग्राम पंचायत में कॉमन सर्विस सेंटर खोले जा चुके हैं। आगामी समय में सभी ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोला जाएगा। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा प्रशासनिक कार्य में पारदर्शिता लाने के लिए सुशासन त्यौहार का आयोजन किया गया था। उन्होंने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना, पीएम जनमन योजना, बस्तर संभाग में संचालित नियद नेल्लानार जैसे योजनाओं के बारे में जानकारी दिया और कहा कि बस्तर में पर्यटन के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रयास किया जा रहे हैं, होम स्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में होमस्टे को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातियों को वन उत्पादों के बेहतर प्रतिफल के लिए भी विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। जनजातीय समाज के विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर जनजातीय समाज एवं क्षेत्र के विकास के लिए घोषणाएं भी की। भानुप्रतापपुर में गोंडवाना समाज के भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए, गोंडवाना समाज दुर्गुकोन्दल के भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए, गोंडवाना समाज के 12 परगना में शेड निर्माण के लिए 10- 10 लाख रुपए ,गोंडवाना समाज के 05 सर्कल में शेड निर्माण के लिए 05-05 लाख रुपए तथा ग्राम पंचायत संबलपुर के भवन निर्माण के लिए भी घोषणा किया।
बुढ़ाल पेन करसाड़ एवं मांदरी महोत्सव को कांकेर सांसद भोजराज नाग ने भी संबोधित करते हुए सभी को शुभकामनाएं दी और कहा कि इस आयोजन से आदिवासी समाज की संस्कृति और परम्पराओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। अंतागढ़ विधायक विक्रमदेव उसेंडी, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी और कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने भी संबोधित किया।
गोंडवाना समाज समन्वय समिति भानुप्रतापपुर के अध्यक्ष श्री हरीश चंद्र कावड़े की अध्यक्षता में इस महोत्सव का आयोजन हुआ। महोत्सव में विभिन्न पारंपरिक लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। आदिवासी समुदाय की युवक युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनोहारी प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम स्थल उत्सव के रंग में सराबोर हो गया।
मुख्यमंत्री के हाथों आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर बस्तर कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा और दुर्गू कोंदल विकासखंड हेतु नीति आयोग के द्वारा 75 लाख रुपए की राशि का चेक कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को प्रदाय किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही सभी ग्राम में प्रतिभा तराशने जिला प्रशासन द्वारा एक नयी पहल प्रतिभा खोज हेतु मावा मोदोल मंथन योजना का शुभारंभ किया गया। जिसके तहत प्रतिभा को खोजकर रूचि अनुसार रोजगारोन्मुखी कार्यों से जोड़ा जायेगा। इसके अलावा जिले के पांच टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, छत्तीसगढ़ मत्स्य कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, पूर्व सांसद मोहन मंडावी, पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा एवं श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र टेकाम, जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर के अध्यक्ष सुना राम तेता, नगर पंचायत भानुप्रतापपुर के अध्यक्ष निखिल राठौर, महेश जैन, ग्राम पंचायत संबलपुर और कराठी के सरपंच सहित डीआईजी अमित तुकाराम कांबले, कलेक्टरनिलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई के एलेसेला सहित महोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधिगण अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।