सर्वश्रेष्ठ खेल प्रतियोगिता आयोजन के लिए कांकेर पॉलीटेक्निक सम्मानित

जनपद पंचायतों के लिए 154.83 करोड़ रूपये की द्वितीय किश्त जारी
 ‘जनपद पंचायत विकास निधि योजना’ अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु जिले की सभी जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्यों के लिए द्वितीय किश्त की राशि 01 करोड़ 54 लाख 80 हजार रूपए का आबंटन प्राप्त हुआ है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि प्राप्त आबंटन की राशि जनपद पंचायत के अध्यक्ष के लिए 03 लाख रूपये, उपाध्यक्ष के लिए 01 लाख 80 हजार रूपये तथा प्रति सदस्यों हेतु 01 लाख 20 हजार रूपये के मान से कुल 01 करोड़ 54 लाख 80 हजार रूपये जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद पंचायत अंतागढ़ के लिए 18 लाख रूपये, भानुप्रतापपुर के लिए 19 लाख 20 हजार रूपये, चारामा हेतु 22 लाख 80 हजार रूपये, दुर्गूकोंदल के लिए 15 लाख 60 हजार रूपये, कांकेर हेतु 21 लाख 60 हजार रूपये, कोयलीबेड़ा के लिए 32 लाख 40 हजार  और जनपद पंचायत नरहरपुर के लिए 25 लाख 20 हजार रूपये की राशि जारी की गई है।


 मेरिट सूची अनुसार चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 27 एवं 28 जनवरी को
 राजीव युवा उत्थान योजना वर्ष 2025-26 अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा नई दिल्ली में तैयारी हेतु 28 दिसम्बर 2025 को परीक्षा आयोजित की गई थी। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त द्वारा मिली जानकारी अनुसार प्राक्चयन परीक्षा के मेरिट सूची अनुसार दस्तावेज सत्यापन मुख्यालय इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर स्थित मीटिंग हॉल क्र. 04 तृतीय तल में सत्यापन करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जनजाति के लिए 27 जनवरी तथा अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 28 जनवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से सायं 04 बजे तक दस्तावेज सत्यापन की तिथि निर्धारित की गई है। मेरिट सूची अनुसार पात्र अभ्यर्थी उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन करा सकते हैं। अभ्यर्थी सूची एवं कार्यक्रम विवरण का अवलोकन विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in पर किया जा सकता है।


सर्वश्रेष्ठ खेल प्रतियोगिता आयोजन के लिए कांकेर पॉलीटेक्निक सम्मानित
 छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई द्वारा महात्मा गांधी कला मंदिर भवन सिविक सेंटर भिलाई में शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर को आउटडोर खेल वर्ग में उत्कृष्ट आयोजन हेतु सम्मानित किया गया।
शासकीय पॉलीटेक्निक के प्राचार्य  शैलेंद्र सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई द्वारा आयोजित एकीकृत राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर द्वारा रस्साकशी खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध समस्त तकनीकी संस्थाओं के छात्र एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर की महिला टीम ने विजेता तथा पुरुष टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। सफल आयोजन के लिए यह सम्मान कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के मंत्री  गुरू खुशवंत साहेब द्वारा संस्था के प्राचार्य एवं खेल अधिकारी को प्रदान किया गया। साथ ही संस्था के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।