पिछड़ा वर्ग के हित और विकास को लेकर सरकार चिंतित-मुख्यमंत्री श्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के स्थापना दिवस में हुए सम्मिलित
कहा- पिछड़ा वर्ग के हित और विकास को लेकर सरकार चिंतित
मुख्यमंत्री ने की जिले के सभी विकासखंड में सामुदायिक भवन निर्माण और पोस्ट मेट्रिक छात्रावास में ओबीसी सीटों में वृद्धि करने की घोषणा
90 करोड़ रूपए के 26 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
उत्तर बस्तर कांकेर, 17 अक्टूबर 2025/ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जिले के भानुप्रतापपुर में आयोजित सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के 13वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 90 करोड़ रुपए के 26 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के प्रत्येक विकासखंड में 50-50 लाख रुपए की लागत से एक-एक सामुदायिक भवन का निर्माण तथा पोस्ट मेट्रिक छात्रावासों में ओबीसी विद्यार्थियों की सीटों में वृद्धि करने की घोषणा की। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी उपस्थित थे।
भानुप्रतापपुर के हायर सेकंडरी स्कूल मैदान में आयोजित सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग के विकास और हितों को लेकर चिंतित है। पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक अधिकार भी दिया गया है, इसके लिए पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रदेश ही नहीं, देश के लिए भी ऐतिहासिक है, क्योंकि बस्तर के विकास में सबसे बड़ी बाधा नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शासन की रीति-नीति से प्रभावित होकर जगदलपुर में आज 210 भटके हुए लोग मुख्यधारा में शामिल हुए, उन्होंने इस दौरान 153 हथियार भी डाले। श्री साय ने कहा कि मोदी की गारंटी को पूर्ण करने प्रदेश सरकार पिछले 22 महीनों में शिद्दत से प्रयास कर रही है। वायदे के अनुसार सरकार ने तेंदूपत्ता खरीदी की कीमत में वृद्धि की, 3100 रुपए प्रति कि्ंवटल के मान से धान खरीदा, रामलला दर्शन योजना लागू की, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना को पुनः लागू किया। इसके अलावा और भी अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के उपस्थितजनों को 13वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शासन की योजनाओं से जुड़ने की अपील भी की।
इसके पहले उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सामाजिकजनों को बधाई देते हुए समाज में अपनी भूमिका सशक्त करने का आह्वान किया। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों को मेहनतकश बताते हुए आने वाली पीढ़ी को बेहतर ढंग से शिक्षित करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने जिले में संचालित मावा मोदोल कोचिंग संस्थान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए अनुकूल बनाने की बात कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सर्व पिछड़ा वर्ग सम्मेलन के दौरान आज कुल 90 करोड़ 06 लाख 88 रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 56 करोड़ 51 लाख 40 हजार रुपए की लागत से 14 विकास कार्य का शिलान्यास तथा 33 करोड़ 55 लाख 48 हजार रुपए के 12 निर्माण कार्यों का लोकार्पण सम्मिलित है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने ओबीसी वर्ग के तीन मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, प्रदेश मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, राज्य हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक, नगर पंचायत भानुप्रतापपुर के अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर, डीआईजी कांकेर अमित तुकाराम कांबले, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसएसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला, अंतागढ़ एडीएम एएस पैकरा, जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी, एसडीएम भानुप्रतापपुर जीडी वाहिले एवं पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, श्रीमती सुमित्रा मारकोले सहित पिछड़ा वर्ग समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू, बस्तर संभाग अध्यक्ष तरुण धाकड़, उपाध्यक्ष अरविंद जैन सहित समाज के प्रमुखजन और विभिन्न पिछड़ा वर्ग समाज के पदाधिकारीगण काफी संख्या में उपस्थित थे।
cg24
