मुख्यमंत्री योगी ने लाभार्थियों को बांटी सौगात, नियुक्ति पत्र, चेक, चाबी और प्रमाणपत्र सौंपे
बांदा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा में आयोजित जनसभा में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, चेक, चाबी, प्रमाण पत्र एवं अन्य सहायता सामग्री वितरित कर सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ने दो आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, ट्रैक्टर व ई-रिक्शा की चाबी, सिलाई मशीन सहित कई लाभ वितरित किए।
इस अवसर पर बांदा की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा महिलाओं को पोषण से भरी पोटली वितरित की। उन्होंने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए युवाओं से संवाद किया। बेसिक शिक्षा परिषद के स्टॉल पर पहुंचकर 'स्कूल चलो अभियान' और बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की जानकारी ली तथा बच्चों को चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी ने जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शजर पत्थर से निर्मित आकर्षक शिवालय भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित एवं लाभान्वित किया। उन्होंने पुष्पा देवी और पूजा को आंगनबाड़ी सहायिका के नियुक्ति पत्र प्रदान किए। रश्मि अग्रवाल और अजीत सिंह को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ दिया। मंजू देवी एवं भारती सिंह को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 8.95 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया। सरोज देवी को ई-रिक्शा की चाबी, सुमत देवी को सिलाई मशीन तथा अनिल कुमार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। मोरध्वज को ट्रैक्टर की चाबी, मुलायम और अरविंद कुमार को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। गेनिया को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 5 लाख रुपये का चेक, अभिषेक सोनी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 7,500 रुपये का चेक दिया गया। अंशु को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का स्वीकृति पत्र तथा रमेश प्रजापति को आवास की चाबी सौंपी गई। रामरतन को मुख्यमंत्री माटी कला टूल किट्स योजना के अंतर्गत विद्युत चालित चाक का प्रमाण पत्र, वंदना गुप्ता को नंदिनी कृषक समृद्धि योजना का प्रमाण पत्र तथा शोभाराम कश्यप को पक्षी संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आपदा विभाग की ओर से प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से पारदर्शी और प्रभावी तरीके से जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

