राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा, देशभर की धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी विशेष आकर्षण मारुति मंगलम में दिव्य शिवाभिषेक होगा
500 वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था; भाजपा शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों की रहेगी व्यापक सहभागिता
23 अगस्त को शिवभक्ति के विराट जनसैलाब का साक्षी बनेगा रायपुर, 10 हजार कांवड़िये करेंगे बाबा हटकेश्वरनाथ का जलाभिषेक
राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा, देशभर की धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी विशेष आकर्षण
मारुति मंगलम में दिव्य शिवाभिषेक होगा
500 वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था; भाजपा शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों की रहेगी व्यापक सहभागिता
रायपुर, 18 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर एक बार फिर आस्था, अध्यात्म, संस्कृति और शिवभक्ति के विराट संगम का साक्षी बनने जा रही है। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष आयोजित होने वाली विशाल कांवड़ यात्रा 23 अगस्त को प्रातः 9 बजे मारुति मंगलम, गुढ़ियारी से प्रारंभ होकर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी।
मारुति मंगलम में दिव्य शिवाभिषेक विधिविधान पूर्वक से प्रारंभ होगा ।
कांवड़ यात्रा को इस वर्ष और अधिक व्यापक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने तथा तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आज एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक राजेश मूणत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने यात्रा की व्यवस्थाओं और व्यापक जनसहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की।
सुबह 8 बजे से पूजन, 9 बजे उठेगी कांवड़
विशाल कांवड़ यात्रा के दिन 23 अगस्त को प्रातः 8 बजे से मारुति मंगलम, गुढ़ियारी में विधि-विधान से पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी। पूजन के पश्चात प्रातः 9 बजे हजारों शिवभक्त कांवड़ उठाकर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी करीब 10 हजार कांवड़ियों के यात्रा में सम्मिलित होने की तैयारी की गई है। कांवड़िये एक समान परिधान धारण कर अनुशासित रूप से यात्रा में शामिल होंगे और बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना करेंगे।
500 वालंटियर संभालेंगे विशाल आयोजन की व्यवस्था
हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता को देखते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित और अनुशासित रूप से संपन्न कराने के लिए लगभग 500 वालंटियर विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा संचालन, अनुशासन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं। कांवड़ यात्रा की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और अब संगठन द्वारा अंतिम व्यवस्थाओं को मूर्त रूप दिया जा रहा है।
देशभर की कला, संस्कृति और शिवभक्ति का दिखेगा अद्भुत संगम
इस वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा का स्वरूप और भी आकर्षक होगा। यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक दल अपनी विशिष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता के बीच शिवभक्ति की एकता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेंगे।
उत्तर प्रदेश की महाकाल-अघोरी टीम एवं महाकाली टीम, दिल्ली की महाकाल अघोरी टीम के साथ विशाल नंदी, केरल का भारत नाट्यम, ट्रेडिशनल बैंड एवं पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी, महाराष्ट्र का सुप्रसिद्ध नागपुर ढोल, खड़गपुर की मां काली टीम तथा ओडिशा के पारंपरिक दल यात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे।
विशाल कावड़ यात्रा 2026 मुख्य आकर्षण
छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति भी यात्रा में अपने पूरे वैभव के साथ दिखाई देगी। अंबिकापुर एवं कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकारों द्वारा शिव परिवार की प्रस्तुति, दुर्ग एवं भिलाई के धुमाल दल, रायपुर की राधा रानी धुमाल और महाकाल-अघोरी टीम सहित अनेक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
शिव परिवार, राम दरबार से विशाल नंदी तक—जीवंत झांकियां बनेंगी आकर्षण
कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था और सनातन संस्कृति को साकार करती अनेक जीवंत झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी। इनमें शिव परिवार, राम-सीता, हनुमान वानर सेना, मुकुट हनुमान, बाहुबली हनुमान, परशुराम जी, जामवंत जी, गणेश जी, सुग्रीव, भोलेबाबा एवं महाकाल सहित विभिन्न धार्मिक स्वरूप सम्मिलित होंगे।
इसके साथ ही राम-सीता दरबार, शिव परिवार, 11 घोड़े एवं 2 बग्घियां, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी यात्रा की भव्यता में चार चांद लगाएंगी।
इस प्रकार 23 अगस्त की कांवड़ यात्रा केवल आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि शिवभक्ति के साथ भारत की विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का चलता-फिरता विराट उत्सव बनेगी।
लगातार आठ वर्षों से शिवभक्ति को जनउत्सव का स्वरूप दे रहे राजेश मूणत
रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में पिछले आठ वर्षों से लगातार इस विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष-दर-वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे राजधानी रायपुर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में विशेष पहचान प्रदान की है।
कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित मंत्रीगण एवं रायपुर के विधायकगण के सम्मिलित होने की जानकारी बैठक में दी गई।
“कांवड़ यात्रा हमारी आस्था, संस्कृति और सामूहिक श्रद्धा का विराट उत्सव” — राजेश मूणत
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में रायपुर की जनता और शिवभक्तों ने जिस आत्मीयता से कांवड़ यात्रा को अपनाया है, उसने इस आयोजन को एक विराट धार्मिक जनउत्सव का स्वरूप प्रदान किया है।
उन्होंने कहा, “कांवड़ उठाना केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति हमारी श्रद्धा, साधना और समर्पण की अभिव्यक्ति है। हमारा प्रयास है कि 23 अगस्त को रायपुर की सड़कों पर शिवभक्ति का ऐसा विराट स्वरूप दिखाई दे, जिसमें हमारी आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोक परंपराओं की सुंदर झलक भी दिखाई दे।”
श्री मूणत ने कहा, “लगभग 10 हजार शिवभक्त जब एक समान परिधान में कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के उद्घोष के साथ बाबा हटकेश्वरनाथ की ओर बढ़ेंगे, तब राजधानी का वातावरण शिवमय होगा। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक दल इस यात्रा को अद्भुत और अविस्मरणीय स्वरूप प्रदान करेंगे।”
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए आयोजन को अनुशासित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
भाजपा शहर जिला से लेकर सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों की रहेगी पूर्ण सहभागिता
बैठक में कांवड़ यात्रा को व्यापक जनसहभागिता प्रदान करने पर विशेष चर्चा हुई। भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित पार्टी के सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठ यात्रा में पूर्ण सहभागिता निभाएंगे।
संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, ताकि हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच पूरी यात्रा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में प्रमुख रूप से भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, विधायक सुनील सोनी, छगन मूंदड़ा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू, लौह अयस्क आयोग अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, किशोर महानंद, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, पश्चिम संयोजक ओंकार बैस, बजरंग खंडेलवाल, गोवर्धन खंडेलवाल, सत्यम दुवा उपस्थित रहे।
इसके साथ ही प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशु चंद्रवंशी, प्रदीप सिंह, श्रीमती सीमा साहू, महामंत्री द्वय अमित मेश्री एवं श्री गुंजन प्रजापति, नवीन शर्मा, श्रीमती श्रद्धा मिश्रा, युवा मोर्चा से अर्पित सूर्यवंशी, ओबीसी मोर्चा से अखिलेश कश्यप सहित भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर के जिला पदाधिकारी एवं सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बड़ी
संख्या में उपस्थित रहे।
तैयारियां लगभग पूर्ण, अब 23 अगस्त को गूंजेगा ‘हर-हर महादेव’
विशाल कांवड़ यात्रा की तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। करीब 500 वालंटियर व्यवस्था संभालेंगे और हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्तर पर कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए गए हैं।
23 अगस्त की सुबह मारुति मंगलम, गुढ़ियारी में विधिवत पूजन के बाद जब करीब 10 हजार शिवभक्त एक समान परिधान में कांवड़ उठाकर बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए निकलेंगे, तब “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के उद्घोष से राजधानी की सड़कें शिवभक्ति के विराट जनसैलाब की साक्षी बनेंगी।
हर-हर महादेव!


