कांग्रेस यानी 'झूठ और फरेब की फैक्ट्री', आंदोलन का नाटक कर रही कांग्रेस का पर्दाफाश : डॉ. विजयशंकर मिश्रा
कांग्रेस यानी 'झूठ और फरेब की फैक्ट्री', आंदोलन का नाटक कर रही कांग्रेस का पर्दाफाश : डॉ. विजयशंकर मिश्रा
जनता को गुमराह कर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रही है कांग्रेस : डॉ. विजयशंकर मिश्रा
सार्वजनिक मंचों पर 'क्रांति' का ढोंग और रेलवे को लिखे पत्र में 'तीर्थ यात्रा' का आवेदन, बेनकाब हुआ कांग्रेस का दोहरा चरित्र
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अब केवल 'झूठ का पुलिंदा' बनकर रह गई है। उन्होंने कांग्रेस के आधिकारिक पत्राचार को सार्वजनिक करते हुए कहा कि कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य जनभावनाओं को भड़काना और छत्तीसगढ़ सहित देश का माहौल बिगाड़ना है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस का नाम बदलकर 'झूठी पार्टी' या 'भ्रम फैलाने वाला गिरोह' रख दिया जाना चाहिए, क्योंकि इनकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।
जनता के सामने 'आंदोलन', कागजों में 'तीर्थ यात्रा'
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस के दोहरे चरित्र को बेनकाब करते हुए रेलवे अधिकारियों को भेजे गए कांग्रेस के एक पत्र को सार्वजनिक किया। उन्होंने बताया कि पब्लिसिटी स्टंट के लिए कांग्रेस नेता मीडिया और जनता के सामने यह बयानबाजी कर रहे हैं कि केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन उनके 'राजनीतिक आंदोलन' से घबरा गया है, इसलिए उन्हें ट्रेनें नहीं दी जा रही हैं। जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस के ही एक महामंत्री द्वारा रेलवे विभाग को औपचारिक पत्र लिखकर 15 बोगियों की ट्रेन की मांग की गई है। उस आवेदन में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि उनके नेता 'तीर्थ यात्रा' के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि एक तरफ जनता के बीच 'आंदोलन' और 'क्रांति' का ढोंग रचना और दूसरी तरफ चुपचाप कागजों में 'तीर्थ यात्रा' का बहाना बनाकर ट्रेन मांगना, यह इस बात का अकाट्य प्रमाण है कि कांग्रेस पार्टी झूठ, फरेब और ढोंग की बुनियाद पर खड़ी है। उन्होंने कहा कि एसआईआर जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी कांग्रेस ने लगातार अनर्गल बयानबाजी कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम किया है। रेलवे द्वारा विशेष या अतिरिक्त ट्रेन चलाने के अपने स्थापित और पारदर्शी नियम व तकनीकी प्रक्रियाएं होती हैं, लेकिन अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख कांग्रेस झूठे आरोप लगाकर अपनी नाकामी छिपाने की असफल कोशिश कर रही है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि केंद्र से लेकर राज्य स्तर तक कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन पूरी तरह उजागर हो चुका है। उनका एकमात्र एजेंडा "झूठ बोलो, शोर मचाओ और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ो" बनकर रह गया है। छत्तीसगढ़ की प्रबुद्ध जनता कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र और फरेब की राजनीति को भली-भांति समझती है और अब उसके किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है।