कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से नक्सल डम्प बरामद, 40 डेटोनेटर सहित विस्फोटक सामग्री जब्त
कांकेर। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना बांदे क्षेत्र के ग्राम कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सल डम्प बरामद किया। डम्प से 40 डेटोनेटर समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को जिला बल, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम द्वारा कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा बलों को नक्सल डम्प मिला।
तलाशी के दौरान 40 नग डेटोनेटर, करीब 10 लीटर क्षमता का एक स्टील टिफिन जिसमें बारूद भरा हुआ था तथा करीब 5 लीटर क्षमता का एक अन्य स्टील टिफिन, जिसमें बारूद भरा हुआ था, बरामद किया गया। बरामद विस्फोटक पदार्थों को बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ भानुप्रतापपुर के डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के 2आईसी एवं प्रभारी सेनानी सुभाष चंद्र के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में बीएसएफ 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर विपिन कुमार, इंस्पेक्टर अविनाश कुमार तथा बीएसएफ बीडीएस टीम के कमांडर उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में जिला बल और बीएसएफ की संयुक्त सर्चिंग लगातार जारी है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।



