न्याय की गरिमा और साहित्य की संवेदना का संगम- "गीतामृत" का भव्य विमोचन
सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति राम प्रसन्न शर्मा, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति दीपक तिवारी, विजय कुमार होता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजनांदगांव एवं पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला रहे उपस्थित
दिनांक 20-09-2026। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं साहित्यकार जनार्दन शर्मा के काव्य संग्रह 'गीतामृत' का विमोचन 20-09-2026 को होटल वृन्दावन, दुर्ग में आयोजित साहित्यिक समारोह में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति राम प्रसन्न शर्मा, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति दीपक तिवारी, रायपुर के पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं विजय कुमार होता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजनांदगांव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में जिला एवं सत्र न्यायालय दुर्ग, रायपुर, बालोद एवं राजनांदगांव के वरिष्ठ न्यायिक अधिकारीगण, नगर के संभ्रांत चिकित्सकगण, समाज के गणमान्य नागरिकों, अधिवक्ताओं, साहित्य प्रेमियों तथा शर्मा परिवार के सदस्यों ने भी समारोह में
सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ दुर्ग जिला सरयूपारीण ब्राह्मण समाज एवं जनार्दन शर्मा एवं परिवार की ओर से किया गया। 'गीतामृत' में जनार्दन शर्मा ने जीवन, समाज, मानवीय संवेदनाओं एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न विषयों को काव्य के माध्यम से अभिव्यक्त किया है। वक्ताओं ने कहा कि विधि के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सृजन करना लेखक की बहुआयामी प्रतिभा और साहित्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
समारोह में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति राम प्रसन्न शर्मा एवं सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति दीपक तिवारी ने साहित्य की सामाजिक भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए और जनार्दन शर्मा को काव्य संग्रह के प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने भी 'गीतामृत' के प्रकाशन पर लेखक को बधाई दी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ दुर्ग जिला सरयूपारीण ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष कमल नारायण शर्मा सहित समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री राजेंद्र दुबे ने किया। उन्होंने कार्यक्रम का
क्रमबद्ध संचालन करते हुए अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। समारोह के अंत में आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों, समाज के गणमान्य नागरिकों, साहित्य प्रेमियों एवं परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


