राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर रेलवे अधिकारियों की बैठक आयोजित
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर रेलवे अधिकारियों की बैठक आयोजित
रायपुर, 14 जुलाई। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट, रायपुर मयंक सोनी की अध्यक्षता में रायपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे पोस्ट प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल एवं प्रभावी आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट श्री मयंक सोनी ने सभी पोस्ट प्रभारियों को निर्देशित किया कि रेलवे अधिनियम के अंतर्गत समझौतायोग्य प्रकरणों का अधिक से अधिक चिन्हांकन कर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में निराकरण हेतु प्रस्तुत किया जाए, जिससे अधिकाधिक पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय का लाभ मिल सके।
बैठक में जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) अधिनियम के अंतर्गत संशोधित प्रावधानों की भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा ऐसे प्रकरणों के प्रभावी निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र प्रकरणों का समयबद्ध परीक्षण कर राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से उनके अधिकतम निराकरण का प्रयास सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान सभी पोस्ट प्रभारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समन्वित एवं सक्रिय प्रयास करने का आह्वान किया गया, ताकि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके तथा आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराया जा सके।

