State News
  • वाहनों की टक्‍कर में 8 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल
    देर रात भीषण सड़क हादसा, वाहनों की टक्‍कर में 8 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल छत्‍तीसगढ़ के बेमेतरा क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें प्रारंभिक तौर पर 8 लोगों की मौत की जानकारी मिल रही है। बताया जाता है कि दो वाहनों की टक्‍कर से यह दुर्घटना हुई। इस हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में तीन बच्‍चे भी हैं। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। कलेक्‍टर रणवीर शर्मा के अनुसार इस हादसे में 9 लोगों की जान गई है जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। उनके अनुसार घायलों को उपचार के लिए अस्‍पताल में भेजा गया है। जानकारी के अनुसार माजदा वाहन और बोलोरो पिकअप की जबरदस्त टक्कर हुई पिकअप वाहन में 20 लोग सवार थे। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। छठी कार्यक्रम से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। हादसा बेमेतरा कठिया पेट्रोल पंप के पास हुआ।
  • CG NEWS: राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ प्रवास पर...सकरी में सभा को करेंगे संबोधित
    रायपुर । दो चरणों के मतदान के बाद 191 सीटों पर प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में रिकार्ड हो चुका है। लेकिन अब चुनाव धीरे-धीरे उस ओर बढ़ रहा है, जहां 2019 में भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने रिकॉर्ड सफलता पाई थी। इसलिए तीसरे चरण के लिए 07 मई को 94 सीटों के लिए होने वाले मतदान तक लोकसभा चुनाव 2024 के पूरे रंग में आ जाने के आसार हैं।

    अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सकरी सिंचाई कालोनी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर पीसीसी प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी रहेगी

    सकरी के सिंचाई कालोनी मैदान में सभा को संबोधित करेंगे

    कांग्रेस के स्टार प्रचारक व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दोपहर दो बजे सकरी के सिंचाई कालोनी मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की सभा की तैयारी को लेकर राष्ट्रीय पदाधिकारियों का प्रवास बिलासपुर में हो रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व पीसीसी के सह प्रभारी विजय जांगिड़, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम का दौरा हुआ। राहुल की सभा में प्रभावी भीड़ जुटाने के संबंध में पदाधिकारियों की बैठक लीख् साथ ही जिम्मेदारी भी सौंपी है। राहुल गांधी की सभा में लोकसभा क्षेत्र के लोरमी, मुंगेली, तखतपुर, बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा, मस्तूरी और कोटा विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन के अलावा ग्रामीणों की मौजूदगी रहेगी।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र के दस वर्षों के विकास और छत्तीसगढ़ में तीन महीने में पूरी हुई मोदी की गारंटी पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा
    *विष्णु देव साय ने आज तीन लोकसभाओं में ली सभा* *रायगढ़ के कापू, जांजगीर-चांपा के पहरिया और बिलासपुर के बेलगहना में गरजे मुख्यमंत्री* *कांग्रेस के कुशासन, मोदी के विकास और छत्तीसगढ़ में सुशासन पर मांगा वोट* *रायपुर/कापू/पहरिया/बेलगहना।* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भी अपने चुनावी अभियान की तूफानी गति जारी रखी। रायगढ़ के कापू, जांजगीर-चांपा के पहरिया और बिलासपुर के बेलगहना में भारी जनसमूह के बीच उन्होंने कांग्रेस की जम कर धुलाई की। कांग्रेस शासनकाल को शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन और डीएमएफ घोटालों मे घेरा और कहा कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूट कर कंगाल बना दिया। छत्तीसगढ़ को अत्याचार, भ्रष्टाचार और अपराध को गढ़ बना दिया था। श्री साय ने केंद्र के दस वर्षों के विकास और छत्तीसगढ़ में तीन महीने में पूरी हुई मोदी की गारंटी पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा। रायगढ़ के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र कापू में विष्णु देव साय ने हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस ने प्रदेश को विकास की दृष्टि से बहुत पीछे छोड़ दिया था। 36 वादे में एक भी वादे को उसने ठीक से पूरा नहीं किया। सिर्फ घोटाला किया। वे नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। उन्होंने कहा कि यही कारण था कि छत्तीसगढ़ की जनता ने पिछले चुनाव में कांग्रेस को आउट कर दिया और इस बार भी क्लीन बोल्ड होगी। अपने पुराने संसदीय क्षेत्र रायगढ़ के धरमजयगढ़ (कापू) के लोगों से श्री साय ने कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से मुझे रायगढ़ लोकसभा से लगातार 20 वर्ष सांसद बनने का मौका मिला। इसके लिए आप सभी का हृदय से आभार। उन्होंने कहा कि आज मैं अपने परिवार के बीच आया हूँ और आप सभी से आग्रह करने आया हूँ कि हम सबको विकसित भारत बनाने के लिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना होगा। जिसके लिए आप सभी आगामी 7 मई को कमल छाप पर बटन दबाएं और राधेश्याम राठिया जी को सांसद बनाकर दिल्ली भेजें। *आंधी-तूफ़ान के बीच चलती रही कापू में जनसभा* आज लगभग 12 बजे रायगढ़ संसदीय क्षेत्र के धरमजयगढ़ स्थित पहाड़ी इलाके कापू पहुंचे विष्णु देव साय को आंधी-तूफ़ान का सामना करना पड़ा। बारिश भी होती रही मगर मुख्यमंत्री और जनसभा के लिए आई भारी भीड़ पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। निर्विघ्न तरीके से मुख्यमंत्री ने अपना उद्बोधन पूरा किया। *कांग्रेस ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया - साय* जांजगीर-चांपा के पहरिया में मुख्यमंत्री ने पूर्व भूपेश सरकार को महादेव एप घोटाले में घेरा। उन्होंने सरकारी संरक्षण और सहयोग से प्रदेश में चलाए गए सट्टे-जुए के कारोबार को छत्तीसगढ़ का दुर्भाग्य बताया। भूपेश बघेल को जिम्मेदार बताते हुए उन्होंने कहा कि महादेव सट्टा एप को निर्बाध रूप से चलाने के लिए 508 करोड़ रूपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा है और एफआईआर भी दर्ज हुई है। बहुत से कांग्रेसी नेताओं के ऊपर न केवल एफआईआर है बल्कि ज्यादातर जेल की चक्की पीस रहे हैं। बड़े-बड़े अधिकारी जिन्होंने भ्रष्टाचार में सरकार का सहयोग किया उन्हें डेढ़-डेढ़ साल से जमानत नहीं मिल रही है। श्री साय ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया। उसे केवल बंधुआ मजदूर समझा, वोट बैंक समझा। जबकि भाजपा ने आदिवासियों का भरपूर सम्मान किया, कर रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहाँ आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की कोई कमी नहीं होती है। आज एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति हैं। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही सम्भव है। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आदिवासियों की सबसे पिछड़ी जनजाति कोरवा, बिरहोर, बैगा, कमार, अबूझमाड़िया जनजाति के लोगों के लिए पीएम जनमन योजना लागू की है। वन धन योजना लागू कर आदिवासियों को वनोपज का ऊँचा दाम देने का काम किया है। सरकार की सारी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया है। *भाजपा के संकल्प पत्र में गरीबों के लिए बहुत कुछ* तूफानी दौरा करते हुए शाम को बिलासपुर के बेलगहना पहुंचे विष्णु देव साय ने यहाँ भी विशाल आमसभा को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र का हवाला देते हुए कहा कि हम अपने संकल्प पत्र को मोदी की गारंटी भी कहते हैं। मोदी सरकार में पिछले 10 वर्षों में 4 करोड़ पीएम आवास बने, अगले पांच साल में 3 करोड़ नए पीएम आवास बनाना है। अब 70 साल तक के बुजुर्गों का भी मुफ्त में आयुष्मान भारत योजना में इलाज होगा। मुद्रा योजना के तहत बेटे-बेटियों को 10 लाख की जगह 20 लाख तक का लोन मिलेगा। अब पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वो पूरा भी करती है, कांग्रेस की तरह झूठ नहीं बोलती। विष्णु देव साय ने रायगढ़ लोकसभा के लिए राधेश्याम राठिया, जांजगीर-चांपा के लिए श्रीमती कमलेश जांगड़े और बिलासपुर के लिए तोखन साहू के पक्ष में जमकर मतदान करने को कहा। *सभाओं का जोर - विष्णु चहुँ ओर* गत बीस मार्च से आज 28 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ में पैंतालीस जनसभाएं मुख्यमंत्री ने ली हैं। जबकि छत्तीसगढ़ के बाहर मध्यप्रदेश और ओडिशा में छः आमसभाएं और रोड शो की कमान संभाली है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन की दृष्टि से भी अगर देखें तो उन्होंने कुल बारह कार्यकर्ता सम्मेलन में अपनी उपस्थिति दी है। सामाजिक सम्मेलनों की यदि बात करें तो लगभग 22 बड़े सामाजिक सम्मेलनों को विष्णु देव साय संबोधित कर चुके हैं। कुल मिलाकर चालीस दिन में 85 से ज्यादा बार उन्होंने जनता के समक्ष अपनी बात रखी है। मुख्यमंत्री अब तक जिन लोकसभाओं में चुनाव संपन्न हो चुके हैं वहां के प्रत्येक विधानसभा में कम से कम एक जनसभा ली है। कुल मिलाकर विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है। आत्मविश्वास से भरपूर मुख्यमंत्री सभी ग्यारह लोकसभा सीट जीतने के पार्टी आश्वस्त लगते हैं। *पूरी कांग्रेस पार्टी कंफ्यूज है - साय* कापू में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राहुल गांधी ही नहीं पूरी कांग्रेस पार्टी कंफ्यूज है। कांग्रेस की स्थिति यह है कि देश में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उसे प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ जैसे प्रदेश में ही हजारों कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रवेश किया है। यह सिलसिला लगातार जारी है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के लिए अनुकूल स्थिति है और सभी ग्यारह लोकसभा सीटों पर भाजपा जीतेगी। नक्सल मुद्दे पर दीपक बैज द्वारा यह कहे जाने पर कि प्रदेश सरकार की रणनीति स्पष्ट नहीं है के जवाब में श्री साय ने कहा कि हमारी नीति पूरी तरह स्पष्ट है। नक्सलवाद से हम मजबूती से लड़ रहे हैं। हमारे पास विकल्प खुले हैं। यदि नक्सली गोली-बारुद की भाषा बोलेंगे तो उसे उस भाषा में जवाब मिलेगा। यदि मुख्यधारा में शामिल होना चाहेंगे तो उनके लिए पुनर्वास नीति लागू होगी।
  • शादी के घर में पसर गया मातम, दुल्हन अपने पिता और भाई के साथ जा रही थी बाजार, आधे रास्ते हुआ हादसा

    जशपुर । शादी के तीन दिन पहले दुल्हन की हादसे में जान चली गयी। घटना में दुल्हन के पिता की भी जान गयी है। जबकि भाई की हालत नाजुक है। जानकारी के मुताबिक शादी की खरीददारी के लिए दुल्हन अपने पिता और भाई के साथ बाजार जा रही थी। तीन दिन बाद लड़की की बारात आने वाली थी। लेकिन इसी बीच ये हादसा हो गया।

    Jashpur News: घटना बगीचा थाना क्षेत्र के देवडाँड़ की घटना बतायी जा रही है। एक ही बाइक पर सवार होकर दुल्हन अपने पिता और भाई के साथ बाजार से लौट रही थी, इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार हाईवा ने एक ही परिवार के तीन लोगों को रौंद दिया।

    Jashpur News: हादसे में दुल्हन और उनके पिता की जान मौके पर ही चली गयी, जबकि बाईक चला रहा दुल्हन का भाई अभी गंभीर है। परिजनों के मुताबिक युवती की शादी की खरीददारी के लिए बाजार पिता-पुत्र और पुत्री, इसी दौरान ये हादसा हो गया।

  • CG - चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई....8 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और सिम जब्त...ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

    अंबिकापुर। सरगुजा में ऑपरेशन विश्वास के तहत चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनसीआरबी दिल्ली द्वारा मिली शिकायत के बाद पुलिस ने आठ मामलों में एक नाबालिग सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल और सिम जब्त किया गया है।

    दरअसल, भारत सरकार गृह मंत्रालय नई दिल्ली की एनसीआरबी द्वारा सीसीपीडब्ल्यूसी योजना के माध्यम से महिला एवं बच्चों के अश्लील फोटो/वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड होने की जानकारी सरगुजा पुलिस को दी गई। शिकायत के 24 घंटे के भीतर आरोपियों कों अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

    नीचे देखें आरोपियों के नाम और जानकारी

    थाना कोतवाली मे आरोपी शशांक गुप्ता उम्र 29 वर्ष साकिन महामाया रोड अम्बिकापुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 271/24 धारा 67(बी) आई. टी. एक्ट, पोक्सो एक्ट की धारा 14 (1) का अपराध पंजीबद्ध किया गया हैं। 

    थाना कोतवाली के दूसरे प्रकरण मे आरोपी मनोज सिंह उम्र 25 वर्ष साकिन जशवंतपुर शंकरगढ़ जिला बलरामपुर हाल मुकाम चोपडापारा कोतवाली के विरुद्ध अपराध क्रमांक 272/24 धारा 67 (बी) आई. टी. एक्ट एवं पोक्सो एक्ट की धारा 14(1) का अपराध पंजीबद्ध किया गया हैं। 

    थाना कोतवाली के तीसरे प्रकरण मे विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 270/24 धारा 67 (बी) आई. टी. एक्ट एवं पोक्सो एक्ट की धारा 14(1) का अपराध पंजीबद्ध किया गया हैं

    थाना गांधीनगर मे आरोपी प्रदीप सिंह उम्र 28 वर्ष साकिन आमगांव जयनगर जिला सूरजपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 234/24 धारा 67(ए), 67(बी), आई. टी. एक्ट, 14 पोक्सो एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया हैं

    थाना मणीपुर मे आरोपी आयुष मिश्रा उम्र 19वर्ष साकिन कबीर वार्ड थाना मणीपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 140/24 धारा 67(ए), 67(बी), आई. टी. एक्ट, 14 (1) पोक्सो एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया हैं

    थाना सीतापुर मे आरोपी विवेक प्रकाश लकड़ा उम्र 25 वर्ष साकिन रायकेरा बगीचापारा थाना सीतापुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 128/24 धारा 67, 67(क) आई. टी. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया हैं


    थाना उदयपुर मे आरोपी संजय लकड़ा उम्र 25 वर्ष साकिन लालपुर केदमा थाना उदयपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 91/24 धारा 509(ख) भा.द.वि., 67 (बी) आई. टी. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया हैं

    थाना लुन्ड्रा मे आरोपी इशरार अहमद उम्र 25 वर्ष साकिन खराकोना बीजापारा थाना लुन्ड्रा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 110/24 धारा 67(बी) आई.टी. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर सभी प्रकरणों के आरोपियों/विधि से संघर्षरत बालक कों गिरफ्तार कर रिमांड तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाता हैं।कार्यवाही मे सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख,सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान्, छत्रपाल सिंह, सुधीर सिंह, महिला आरक्षक स्मिता रागिनी मिंज,कौशल्या राजवाड़े, आरक्षक अनुज जायसवाल, लालदेव साय , बीरेंद्र पैकरा, मनीष सिंह, जितेश साहू, सुयश पैकरा, रमेश राजवाड़े, अशोक यादव, अरविन्द उपाध्याय, शिव राजवाड़े, निरंजन बड़ा,उपेंद्र सिंह,पंकज देवांगन, शामिल रहे

  • दर्दनाक हादसा : अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक का सिर धड़ से अलग...दो गंभीर रूप से घायल

    रायगढ़। जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। हादसों के जानलेवा होने के सिलसिले में आज लैलूंगा में एक दर्दनाक रोड एक्सिडेंट में बाईक सवार की  मौत हुई है। हादसा इतना भयानक था कि बाईक सवार का सिर  धड़ से अलग हो गया और दो युवक गंभीर रूप से घायल है । यह पूरा मामला लैलूँगा थाना क्षेत्र का है

    मिली जानकारी के अनुसार  बाईक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।बता दे तीनों कोटरी माल के रहने वाले है और यह घटना केनापारा मोड़ के पास हुई है ।

     
  •  CM विष्णु देव साय आज रायगढ़ , जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिले में चुनावी जनसभा को करेंगे संबोधित

    रायपुर ।  छत्‍तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए सोमवार को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की सूची अब स्पष्ट हो गई है। तीसरे चरण में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़ में 168 प्रत्याशी मैदान में हैं।हाईप्रोफाइल सीट रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल बनाम विकास उपाध्याय, दुर्ग से विजय बघेल बनाम राजेंद्र साहू, कोरबा से सरोज पांडेय बनाम ज्योत्सना महंत के बीच रोचक मुकाबला होगा। तीसरे चरण के चुनाव के लिए निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरु कर दिया है।

    इसी कड़ी में CM विष्णु देव साय आज रायगढ़ , जांजगीर-चांपा और बिलासपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे ।

  • फिर चला बुलडोजर… कांग्रेस नेता और अधिकारी ने निगम की जमीन पर बनाया था काम्प्लेक्स

    बिलासपुर। बिलासपुर में नगर निगम की जमीन पर बने अवैध काम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलाकर उसे ढहा दिया गया है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में निगम से जमीन लीज पर लेकर यहां पार्किंग के बगैर काम्प्लेक्स बनाया गया था। बस स्टाप की इस जमीन को बचाने के लिए भाजपा युवा मोर्चा ने आंदोलन कर मुहिम छेड़ दी थी, जिसके बाद विधायक अमर अग्रवाल ने भी अवैध काम्प्लेक्स निर्माण की जांच कराने के निर्देश दिए थे। बता दें कि निगम की इस जमीन पर रसूखदार ठेकेदार ने कांग्रेस नेताओं से मिलकर निगम से औने-पौने दाम पर लीज पर लिया है।

    दरअसल, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने निगम की जमीन को लीज पर बेचने का फैसला किया था। इसके तहत नूतन चौक पर ऑटो चालकों के लिए बने बस स्टैंड व सिटी बस स्टाप की जमीन को लीज पर दे दिया है। दस्तावेजों के अनुसार जमीन को जबड़ापारा निवासी हरीश राठौर ने खरीदी है। लेकिन, इसमें कांग्रेस नेता और नगर निगम के एक अफसर का भी हिस्सा है। यही वजह है कि 2377 स्क्वेयर फीट जमीन को औने-पौने दाम में लीज पर दे दिया गया है। इस विवादित जमीन पर हरीश राठौर ने शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने के लिए नगर निगम में नक्शे की मंजूरी के लिए आवेदन दिया। निगम ने 24 फरवरी 2023 को नक्शे को मंजूरी दी, लेकिन स्वीकृत नक्शे में तय की गई पार्किंग की जगह पर अवैध रूप से दुकानें बना ली गईं। इसके बाद नगर निगम ने 15 मार्च 2024 को अवैध कब्जा हटाने नोटिस जारी किया था, जिसके बाद उन्होंने नगर निगम में आवेदन देकर अवैध निर्माण के नियमितीकरण की मांग की, जिसे निगम ने खारिज कर दिया और 28 मार्च 2024 को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर अवैध निर्माण हटाने को कहा, ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।

  •  ईव्ही.एम. अतिरिक्त बैलेट युनिटों का किया गया प्रथम रेण्डमाईजेशन

    लोकसभा निर्वाचन-2024 अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र क्रमांक 07 दुर्ग के लिए विधानसभाओं में उपयोग होने वाले ई.व्ही.एम. मशीनों के अतिरिक्त बैलेट यूनिट का प्रथम रेंडमाइजेशन आज ऑब्जर्वर एस.बी. शेट्टेनवर (आईएएस) और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी की मौजूदगी में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर  अरविंद एक्का, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग दुबे एवं अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, संयुक्त कलेक्टर  हरवंश सिंह मिरी, डिप्टी कलेक्टर  लवकेश कुमार ध्रुव, ए.आर.ओ.  सोनल डेविड,  दीपक निकुंज,  मुकेश रावटे,  महेश गुप्ता सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

  • जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के मतदाताओं और चुनाव कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति माना आभार कहा- मतदाताओं की दृढ़ इच्छाशक्ति और समन्वित प्रयास से मिले बेहतर परिणाम लोकसभा आम निर्वाचन-2024

    लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के दूसरे चरण में शुक्रवार 26 अप्रैल को जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मतदान के उपरांत सभी 727 मतदान केन्द्रों में वोटिंग की प्रक्रिया सम्पन्न कराने के उपरांत ईव्हीएम स्ट्रांग रूम में जमा करा दी गई है। लोकसभा निर्वाचन के तहत कांकेर लोकसभा क्षेत्र में जिले के 05 लाख 62 हजार 688 मतदाताओं में से 04 लाख 27 हजार 955 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कि डाले गए कुल मतों का 76.06 प्रतिशत है। जिले के मतदाताओं के प्रति कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह ने आभार प्रकट किया है।
                   उन्होंने लोकतंत्र पर आस्था रखने वाले सभी मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि कांकेर जिले में पहली बार संसदीय निर्वाचन में इतना अधिक मतदान हुआ है, जिसके लिए सभी मतदाता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह सब मतदाताओं के दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति का ही सुखद और सकारात्मक परिणाम है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगे कहा कि दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भी अधिक मतदान होना इस बात को और पुख्ता करता है कि लोकतंत्र पर उनका अटूट विश्वास है।
    जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिले में मतदान का प्रतिशत बढ़े, इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) चलाया गया। इसके तहत जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही आदर्श मतदान केन्द्र, संगवारी बूथ, दिव्यांग बूथ, ईको ग्रीन बूथ बनाए गए, जिसके अनुकूल व सकारात्मक परिणाम सभी के समक्ष हैं।
    जिला निर्वाचन अधिकारी ने माना अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार
                 जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति भी आभार प्रकट करते हुए कहा कि मतदान का प्रतिशत बढ़ने में भी बीएलओ की भूमिका सर्वाधिक प्रशंसनीय रही, क्योंकि मतदाताओं को जागरूक करने मैदानी स्तर पर अथक् प्रयास किया। लोकसभा कांकेर के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक एवं व्यय प्रेक्षक के सतत् मार्गदर्शन में मतदान संपन्न हुआ। इसी तरह निर्वाचन कार्य में प्रत्यक्ष रूप से जुड़े मतदान अधिकारियों, सेक्टर ऑफिसर, माइक्रो ऑब्जर्वर, ए.आर.ओ., एफ.एस.टी., एस.एस.टी, वी.एस.टी., वी.वी.टी., एल.एम.टी. सहित निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण सेल, एम.सी.सी., एम.सी.एम.सी., नियंत्रण कक्ष में दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सुरक्षा की कमान संभालने वाले पुलिस, अर्द्धसैनिक बल एवं सेंट्रल फोर्स के जवानों के प्रति भी उन्होंने आभार व्यक्त किया है, जो दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी जान जोखिम में डालकर अपनी जिम्मेदारी शिद्दत के साथ निभाई। बूथ स्तर पर बी.एल.ओ., कोटवार, वनरक्षक, नगर सैनिक, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित मतदाता मित्र के रूप में पूरे समय सहयोग देने वाले स्काउट गाइड्स, रेडक्रॉस सोसायटी, एन.एस.एस. और एन.सी.सी. के वॉलेंटियर के अलावा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने वाले सभी लोगों के प्रति जिला निर्वाचन अधिकारी ने आभार प्रकट किया है।
    क्रमांक/524/सिन्हा

  •  मां की फटकार से आहत युवती ने खाया जहर...इलाज के दौरान मौत

    सक्ती : जिले 21 वर्षीय युवती ने जहर खाकर अपनी जान दे दी है, बताया गया है कि, स्टेशन पारा निवासी युवती ने मां की फटकार से नाराज होकर कीटनाशक का सेवन कर लिया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जाँच में जुट गई हैजानकारी के अनुसार, मृतका पिंकी लता रात्रे (पिता श्याम रात्रे) उम्र 21 वर्ष कक्षा 12वीं की छात्रा थी। जो इस बार ओपन की परीक्षा दी है। ऐसे में गुरुवार को सुबह करीब 9 बजे कीटनाशक का सेवन कर ली थी। जिससे कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे पहले सक्ती अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायगढ़ रेफर कर दिया, जिससे मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। ऐसे में उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।

    परिजनों ने बताया कि युवती को देखने के लिए लड़के वाले आने वाले थे उस बात को लेकर भी पिंकी असहज महसूस कर रही थी और मां की फटकार से उसे और भी तकलीफ हुई, जिस कारण उसने चूहामार कीटनाशक सेवन कर लिया था। सूचना मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम परिजनों की उपस्थिति में कराया।

     
  • प्रधानमंत्री पर बैज की टिप्पणी कांग्रेसियों की असंतुलित मनोदशा, हताशा और कुंठा का राजनीतिक प्रलाप है : भाजपा

    कांग्रेस छत्तीसगढ़ में 11 की 11 सीटे हार रही है इसीलिए हताशा में रोज मा .मोदी जी को अपशब्द कह रही है : किरण देव


    जनता-जनार्दन ने छत्तीसगढ़ को इस बार कांग्रेसमुक्त करने का संकल्प लिया है और दो चरणों के मतदान से साफ है कि चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रचंड बहुमत से विजयी हो रही : देव

     

    भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की ताजा टिप्पणी को कांग्रेसियों की असंतुलित मनोदशा, हताशा और कांग्रेस टिकट कट जाने से उपजी कुंठा का राजनीतिक प्रलाप बताया है। श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की मानसिक स्थिति को खराब बताने वाले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बैज दरअसल कांग्रेस के तमाम लोगों की मनोदशा को रेखांकित कर रहे हैं, जिसके नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत अपने ही प्रत्याशियों को लठैत बताकर प्रधानमंत्री श्री मोदी का सिर फोड़ने की बात करते हैं तो कभी कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा 'कवासी जीतेगा, मोदी मरेगा' कहकर अपने राजनीतिक चरित्र का प्रदर्शन करते हैं।

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा   कांग्रेस ने सनातन संस्कृति, हिन्दुत्व और भगवान राम के प्रति अपनी घृणा का हर कदम पर प्रदर्शन किया है, जिस कांग्रेस ने राममंदिर निर्माण में हर बार रोड़े अटकाकर इस मसले को भटकाने व लटकाने काम किया, जिस कांग्रेस ने प्रभु श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का न्योता ठुकराकर भगवान राम के ननिहाल व माँ शबरी की धरती छत्तीसगढ़ की आस्था व भावनाओं का घोर अपमान किया, उस कांग्रेस द्वारा तुष्टीकरण के एजेंडे पर चलकर देश के संसाधनों पर पहला हक संप्रदाय विशेष का बताने वाली कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र को जनता अच्छी तरह परख चुकी है और इसीलिए हर तरीके के हथकण्डे अपनाने के बावजूद कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए सम्पन्न हुए दो चरणों मतदान में बुरी तरह पिछड़ चुकी है। श्री देव ने कहा कि अंतर्कलह से जूझते कांग्रेस नेताओं में कुछ टिकट काटे जाने की कुंठा और कुछ जबरिया टिकट थोपे जाने से क्षुब्ध होकर हार की हताशा में कब, कहाँ, क्या और क्यों बोल रहे हैं, उन्हें खुद इसका भान नहीं रह गया है।

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि लोकसभा चुनाव हेतु मतदान के दो चरणों में देश, सहित छत्तीसगढ़ में भाजपा को मिली ऐतिहासिक बढ़त एवं कांग्रेस नेताओं द्वारा कांग्रेस छोड़े जाने से कांग्रेसी खुद अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। इस बार कांग्रेस का कोई हथकण्डा काम नहीं कर रहा है, इसलिए भी वे ऊलजलूल बयान देकर चुनावी वातावरण को विषाक्त करने में लगे हुए हैं। श्री देव ने कहा कि दरअसल कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति भी अब पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है और जनता अब कांग्रेस से घृणा करने लगी है। कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र में किए गए झूठे वादों की तो पोल कांग्रेसी खुद ही खोल रहे हैं।  महिलाओं से फार्म भरवाए जाने को फर्जी बताते हुए बस्तर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष का लिखा पत्र इसका प्रमाण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की गारंटी पर जनता-जनार्दन को अटूट विश्वास है, जो पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के रूप में व्यक्त हुआ और इस लोकसभा चुनाव में भारी संख्या में मतदान करके जनता-जनार्दन ने कांग्रेस के खिलाफ अपने आक्रोश के रूप में ईवीएम में दर्ज कर दिया है। 

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि वामपंथियों की कठपुतली बन चुकी कांग्रेस छत्तीसगढ़ में साफ होने जा रही है। कांग्रेस के न प्रत्याशी प्रचार में दिखाई दे रहे हैं, न कोई स्टार प्रचारक आ रहे हैं। पिछले दिनों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की हुईं रैलियाँ भी पूरी तरह फ्लॉप रहीं। श्री देव ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्ट कारनामे, घपले-घोटाले जनता को याद है। वादाखिलाफी, प्रदेश के हर वर्ग के साथ धोखाधड़ी, अनाचार, दुराचार, अन्याय, अत्याचार की जो कलंक-कथा कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार के शासनकाल में लिखी गई है, उससे कांग्रेस के प्रति लोगों के मन में अब भी जबर्दस्त आक्रोश है। श्री देव ने फिर दुहराया कि प्रदेश की जनता-जनार्दन ने छत्तीसगढ़ को इस बार कांग्रेसमुक्त करने का संकल्प ले लिया है और मतदान के दो चरणों के मतदान से अब यह आईने की तरह साफ दिखाई दे रहा है कि बस्तर, काँकेर, राजनांदगाँव और महासमुंद लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रचंड बहुमत से विजयी हो रही है। विधानसभा चुनाव में जिन क्षेत्रों में कांग्रेस विजयी हो गई थी, इस लोकसभा चुनाव में जनता उस भूल का सुधार कर कांग्रेस को राजनीति के मैदान में धूल चटाने जा रही है।