केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 20 जून तक लगाया जा रहा पंजीकरण शिविर
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में ‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के अंतर्गत 18 जून से 20 जून तक कंेद्र एवं राज्य सरकार के समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक राजस्व अनुविभाग स्तर पर तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न अनुविभागों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी आदेशानुसार कांकेर अनुविभाग के लिए अपर कलेक्टर अरुण कुमार वर्मा, भानुप्रतापपुर के लिए संयुक्त कलेक्टर श्री गंगाधर वाहिले, चारामा के लिए डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र कुमार बंजारा, पखांजूर के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री मनीष देव साहू तथा अंतागढ़ अनुविभाग के लिए डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार रजक को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य योजनाओं के लिए पंजीयन और लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। शिविरों के आयोजन से पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी, कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन शिविरों का लाभ उठा सकें।
cg24 
