पोषण माह के अंतर्गत आंगन मिलन का सफल आयोजन
पोषण माह के अंतर्गत आंगन मिलन का सफल आयोजन
कोण्डागांव, 9 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह के अंतर्गत 8 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत चिखलपुटी के आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक विधानसभा क्षेत्र कोण्डागांव सुश्री लता उसेंडी, जनपद सदस्य श्रीमती लीलावती नाग, सरपंच श्रीमती राजेश्वरी सोढ़ी एवं उपसरपंच श्री सुरेश राम मांझी की उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना, महिलाओं एवं बच्चों को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाना रहा। इस दौरान आंगनबाड़ी सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में समाज एवं समुदाय के हित में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की देखभाल तथा शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में भी समर्पण और सेवाभाव के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
महिलाओं को दी गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना के उद्देश्य, लाभ तथा पात्र हितग्राहियों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संबंध में जानकारी साझा की गई। महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
पौष्टिक आहार एवं कुपोषण मुक्त समाज पर दिया गया जोर
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्रियों के उचित संयोजन से पौष्टिक एवं संतुलित आहार तैयार करने के संबंध में जागरूक किया गया। महिलाओं को बताया गया कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के लिए संतुलित आहार अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाज, दालों, हरी सब्जियों एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों का नियमित उपयोग कर पोषण स्तर में सुधार लाया जा सकता है। साथ ही बच्चों में कुपोषण की रोकथाम, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम ग्रामीण समुदाय और विभागीय सेवाओं के बीच समन्वय मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों के समग्र विकास, शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता तथा कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


