जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत अलबेलापारा तालाब में सफाई अभियान
जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

उत्तर बस्तर कांकेर, 24 सितंबर 2026/ ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद कांकेर द्वारा वार्ड क्रमांक 01 स्थित अलबेलापारा तालाब में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य शहर के जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
सफाई अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छता टीम के सदस्यों, चेंबर ऑफ कॉमर्स कांकेर के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए अलबेलापारा तालाब परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की। इस दौरान तालाब परिसर में मौजूद कचरे एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर उनका उचित निस्तारण किया गया तथा तालाब के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई कार्य किया गया।
अभियान के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है तालाब, नदी, नालों सहित अन्य जलस्रोतों में कचरा एवं अपशिष्ट सामग्री न डालें और अपने आसपास के जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। जलस्रोतों की स्वच्छता केवल सफाई अभियान तक सीमित न रहकर नियमित जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बने, इस दिशा में भी लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, चेंबर ऑफ कॉमर्स कांकेर के सदस्य, नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता टीम के सदस्य उपस्थित रहे।