नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने गर्मी में वृक्षारोपण
लायंस क्लब रायपुर कैपिटल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “पर्यावरण सेवा सप्ताह” का शुभारंभ आज Elaichi Restaurant में पौधों के वितरण कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर में हरित वातावरण को प्रोत्साहित करना तथा नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रकार के फूलदार, औषधीय एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। साथ ही इन पौधों को शहर के उद्यानों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर रोपित करने की पहल की गई, जिससे पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, स्लोगन एवं जन-संदेशों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। विशेष रूप से बढ़ती गर्मी और उसके दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए वृक्षों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि पेड़ न केवल तापमान को नियंत्रित करते हैं, बल्कि वायु शुद्धता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों एवं नागरिकों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह संदेश स्पष्ट हुआ कि समाज के सभी वर्ग पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम का नेतृत्व लायंस क्लब रायपुर कैपिटल की अध्यक्ष लायन कनीज़ सिद्दीकी द्वारा किया गया, जबकि सचिव लायन अमरजीत कौर ने आयोजन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लायंस क्लब रायपुर कैपिटल द्वारा आयोजित यह पर्यावरण सेवा सप्ताह आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा, जिससे रायपुर को अधिक हरित एवं स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा सकें।
cg24 
