रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मुलाकात, कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना पर बनी सहमति
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मुलाकात, कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना पर बनी सहमति
नई दिल्ली/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार तथा लंबित रेल परियोजनाओं पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की। बैठक में प्रदेश के रेल नेटवर्क को मजबूत बनाने और नई परियोजनाओं को गति देने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेलवे लाइन परियोजना को रेल मंत्रालय एवं छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) के माध्यम से विकसित करने पर सहमति बनी। लगभग 295 किलोमीटर लंबी यह प्रस्तावित रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही उद्योग, व्यापार, कृषि, पर्यटन, खनिज परिवहन और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को भी उल्लेखनीय गति प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सतत सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से आधुनिक अधोसंरचना, सशक्त रेल नेटवर्क और समावेशी विकास के माध्यम से छत्तीसगढ़ को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए राज्य सरकार पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

