त्रिलोकी माँ कालीबाड़ी में दुर्गोत्सव का होगा भव्य आयोजन तैयारियाँ जारी, महाशष्ठी पूजा से होगी शुरुआत
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डॉ. राजेंद्र नगर में स्थित श्री श्री शारदीय दुर्गोत्सव समिति, त्रिलोकी माँ कालीबाड़ी द्वारा हर साल की तरह इस वर्ष भी भव्य दुर्गोत्सव (दुर्गा पूजा) का आयोजन किया जाएगा। समिति का यह 46वाँ वर्ष है। इसकी तैयारियां जारी हैं। समिति ने समय सारणी घोषित कर दी है।
समिति के सचिव श्री विवेक बर्धन ने बताया कि इस समिति का दुर्गोत्सव रायपुर के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित बंगाली पद्धति के पूजा आयोजनों में से एक है। दुर्गा पूजा महोत्सव की मुख्य समय सारणी के अनुसार 16 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे से महाषष्ठी पूजा से शुरुआत होगी। इसी दिन 09:30 बजे पुष्पांजलि, सायं 06:00 बजे बोधन, आमंत्रण व अधिवास और सायं 07:30 बजे संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा।
17 अक्टूबर 2026, शनिवार को प्रातः 06:00 बजे नव पत्रिका स्नान के उपरांत 08:00 बजे महा सप्तमी पूजा होगी। 18 अक्टूबर रविवार को प्रातः 05:53 बजे अतिरिक्त सप्तमी पूजा, पूर्वाह्न 11:30 बजे पुष्पांजलि और सायं 07:30 बजे संध्या आरती होगी। 19 अक्टूबर, सोमवार को प्रातः 05:45 बजे महा अष्टमी पूजा, 06:30 बजे पुष्पांजलि, प्रातः 07:26 बजे संधि पूजा, 07:50 बजे बलिदान और 08:18 बजे संधि पूजा का समापन होगा। इसके पश्चात सायं 07:30 बजे संध्या आरती की जाएगी।
20 अक्टूबर, मंगलवार को प्रातः 08:32 बजे महा नवमी पूजा, पूर्वाह्न 11:00 बजे पुष्पांजलि, 11:30 बजे होम (हवन) तथा सायं 07:30 बजे संध्या आरती संपन्न होगी।
21 अक्टूबर, बुधवार को प्रातः 07:30 बजे महादशमी पूजा, 08:15 बजे पुष्पांजलि, 08:30 बजे दर्पण विसर्जन और अपरान्ह 04:00 बजे सिंदूर बरन का कार्यक्रम रखा गया है।
समिति द्वारा सप्तमी, अष्टमी एवं नवमी के पावन दिनों पर दोपहर 01:00 बजे से भव्य भोग वितरण (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान के पुरोहित चण्डी चक्रवर्ती एवं बनमाली भट्टाचार्य हैं, तथा पूजा मंडप की व्यवस्था छेदीलाल पटेल, मोनु पटेल और मनराखन ध्रुव द्वारा संभाली जा रही है। त्रिलोकी माँ कालीबाड़ी समिति के सचिव श्री विवेक बर्धन ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इन सभी आयोजनों में सपरिवार उपस्थित होकर देवी दर्शन और महाप्रसाद का लाभ उठाने की अपील की है।


