रक्षाबंधन आज के डिजिटल दौर में एक-दूसरे को सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का अवसर है

रक्षाबंधन आज के डिजिटल दौर में एक-दूसरे को सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का अवसर है

रक्षाबंधन पर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज की अपील—रक्षा सूत्र के साथ साइबर ठगी से बचने का संकल्प लें भाई-बहन

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने प्रदेश की सभी बहनों और भाइयों से साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा का पर्व नहीं है, बल्कि आज के डिजिटल दौर में एक-दूसरे को सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि इस रक्षाबंधन पर सभी बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के साथ उनसे यह प्रण लें कि वे साइबर ठगों से हमेशा सतर्क रहेंगे, किसी भी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से पहले अच्छी तरह सोचेंगे और लालच में आकर किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन योजना या व्यापार में पैसा नहीं लगाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। कभी नौकरी, निवेश, ऑनलाइन व्यापार, इनाम, लोन या अन्य किसी लालच के नाम पर तो कभी फर्जी कॉल और लिंक के माध्यम से लोगों से ठगी की जा रही है। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

श्री सिंघोत्रा ने राखी बंधवाने वाले सभी भाइयों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बहनों से वादा करें कि वे स्वयं भी ऑनलाइन ठगी से सावधान रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक करेंगे।

उन्होंने कहा कि सच्ची रक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आज के समय में डिजिटल सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। परिवार का एक सदस्य जागरूक होगा तो वह पूरे परिवार को साइबर ठगी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस रक्षाबंधन पर “रक्षा सूत्र के साथ साइबर सुरक्षा का संकल्प” लें और स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों को भी सुरक्षित रखने का प्रयास करें।

“सुरक्षित रहेंगे, सतर्क रहेंगे—तभी परिवार और समाज सुरक्षित रहेगा।”