सरधाभाठा के चार युवा जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती में सफल — एक छोटे ग्राम की बड़ी उपलब्धि

सरधाभाठा के चार युवा जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती में सफल — एक छोटे ग्राम की बड़ी उपलब्धि

CG 24 News के लिए सारंगढ़–बिलाईगढ़ से मनीष दास मानिकपुरी की रिपोर्ट

सारंगढ़–बिलाईगढ़  सारंगढ़–बिलाईगढ़ क्षेत्र के छोटे से ग्राम सरधाभाठा ने आज बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। गाँव के चार युवाओं—एक महिला और तीन पुरुष—ने जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती में सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल बना दिया है। सीमित संसाधनों और आर्थिक रूप से साधारण परिवारों से आने के बावजूद इन युवाओं ने कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है।

सफल चयनित उम्मीदवारों में प्रीतम दास दीवान, शारदा कुर्रे, सौरभ बजाज और विकास शामिल हैं। चारों ने शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयन सूची में अपना स्थान सुरक्षित किया।

ग्राम पंचायत सरधाभाठा के सरपंच विशाल कुमार ने इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा—
“सरधाभाठा के इन चार युवाओं ने पूरे गाँव का नाम रोशन किया है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद इनकी मेहनत और लगन प्रेरणादायक है। हमें गर्व है कि हमारे गाँव के युवा अब जिला पुलिस बल का हिस्सा बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे।”

चयनित उम्मीदवारों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता–पिता, परिवार और शिक्षकों के सहयोग को दिया। छोटे से ग्राम सरधाभाठा के इन युवाओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार कर रही है।