हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज का सपना दिखाकर एयरलाइंस कंपनियों को लूट की खुली छूट - कांग्रेस

हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज का सपना दिखाकर एयरलाइंस कंपनियों को लूट की खुली छूट - कांग्रेस
हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज का सपना दिखाकर एयरलाइंस कंपनियों को लूट की खुली छूट - कांग्रेस


रायपुर/10 अक्टूबर 2026।
 हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज का सपना दिखाकर एयरलाइंस कंपनियों को लूट की खुली छूट देने का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा सरकार ने कंपनियों को लूट की खुली छूट दे दिया है, मनमाना फ्यूल चार्ज, महंगी टिकिट, सरकार की नाक के नीचे एयरलाइंस कंपनियां मनमाना किराया वसूल रही हैं। यह सीधे तौर पर जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका है। "हवाई चप्पल" का जुमला सिर्फ एक छलावा साबित हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर से उड़ने वाली उड़ानों के किराए आसमान छू रहे हैं। नियंत्रित करने के बजाय सरकार ने एयरलाइंस कंपनियों को खुली छूट दे दी है, जिससे हवाई यात्रा आम आदमी की पहुँच से पूरी तरह बाहर हो गई है। केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद, एविएशन टरबाइन फ्यूल एटीएफ पर वैट या अन्य शुल्कों में राहत देने को लेकर सरकार पूरी तरह उदासीन है। इस सरकार ने सरकारी एयरलाइंस तो बेच दिया है, निजी कंपनियां बेलगाम हैं। एयरलाइंस कंपनियों द्वारा यात्रियों पर मनमाने फ्यूल सरचार्ज और पीक-सीजन के नाम पर बेतहाशा लूट मचाई जा रही है, और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी बहुल और देश के ऊर्जा केंद्र राज्य में, जहाँ कनेक्टिविटी सबसे बड़ी जरूरत है, वहां आम जनता, छात्र, मरीज, आपातकालीन यात्रा वाले और व्यापारी बुरी तरह पिस रहे हैं। झूठे सपनों के नाम पर जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा सरकार ने विकास और सुविधा के बड़े-बड़े सब्जबाग दिखाए थे, लेकिन धरातल पर उन्हें केवल आर्थिक शोषण और महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने अपने चुनावी भाषणों में लगातार यह नैरेटिव गढ़ा था कि अब छत्तीसगढ़ के सामान्य लोग भी हवाई जहाज में सफर करेंगे। लेकिन जमीनी हकीकत वायदों के विपरीत है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं को सुलभ बनाने, बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास और छोटे शहरों को जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए गए थे। आम छत्तीसगढ़ियों के हितों को सर्वाेपरि रखते हुए विमानन क्षेत्र में रियायतें और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया गया था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार केवल जुमलेबाजी और विज्ञापनों तक सीमित है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा है कि डबल इंजन सरकार किस मर्ज की दवा है? जब केंद्र और राज्य दोनों जगह आपकी सरकार है, तो आप जनता को लूटने से रोकने के लिए कौन सा कानून बना रहे हैं? क्या सरकार और भाजपा के नेता एयरलाइंस कंपनियों के एजेंट बन गए हैं? क्या छत्तीसगढ़ियों को ठगना ही इस सरकार का एकमात्र एजेंडा है? राज्य का मध्यम वर्ग, व्यापारी और युवा आसमान छूते किराए और मनमाने फ्यूल चार्ज की मार झेल रहा है। डबल इंजन सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय लूट की खुली छूट दे दी है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी नीति का कड़ा विरोध करती है।