उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच सितारा कोयला खदानें सम्मानित, केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने प्रदान किए पुरस्कार
रायपुर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच सितारा कोयला खदानें सम्मानित, केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने प्रदान किए पुरस्कार
रायपुर। राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे की गरिमामयी उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच सितारा रेटेड कोयला खदानों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान आकलन वर्ष 2024-25 में सर्वोच्च स्टार रेटिंग हासिल करने वाली कोयला खदानों को दिया गया।
कोयला खदानों के प्रदर्शन का मूल्यांकन स्टार रेटिंग नीति के तहत विभिन्न मानकों पर किया जाता है। इसमें परिचालन दक्षता, आधुनिक तकनीक का उपयोग, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन, सतत विकास, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन के साथ स्थानीय समुदायों के कल्याण के लिए किए गए प्रयास शामिल हैं।
कोयला नियंत्रक संगठन द्वारा नियुक्त समीक्षकों के आकलन और सत्यापन के बाद खदानों को पांच सितारा से लेकर बिना स्टार तक की रेटिंग दी जाती है। इस पहल का उद्देश्य खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि वर्ष 2019 में महज आठ कंपनियों से शुरू हुई इस पहल में आज 50 कंपनियों का चयन होना भारतीय कोयला क्षेत्र की बढ़ती कार्यक्षमता, प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी के मार्गदर्शन में कोयला मंत्रालय और उसकी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। लगातार दो वर्षों तक एक अरब टन से अधिक कोयला उत्पादन इसी सामूहिक प्रयास और संकल्प का परिणाम है।