अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया फ्लाइट को अचानक रद्द करना पड़ा -यात्रियों को हुई परेशानी

अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया फ्लाइट को अचानक रद्द करना पड़ा। बीते दो दिनों में यह तीसरा मौका है जब बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान को तकनीकी समस्या की वजह से या तो रद्द करना पड़ा है या फिर विमान की आपात लैंडिंग करानी पड़ी है।
एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट रद्द कर दी गई है। यह वही रूट है, जिस पर AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान AI-159 दोपहर 1.10 बजे अहमदाबाद से रवाना होना था। इसका लंदन पहुंचने का समय शाम 6.25 बजे बताया गया। बीते दो दिन में तीन बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में तकनीकी समस्या देखी गई। पहले एयर इंडिया AI315 (हांगकांग से दिल्ली) संदिग्ध तकनीकी खराबी के कारण बीच उड़ान में ही वापस लौट आया। इसके बाद सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट को कोलकाता में ही ठहरना पड़ा और अहमदाबाद-लंदन की फ्लाइट को रद्द करना पड़ा है।