हम तो राजीव भवन बनाने के एक-एक पैसे का हिसाब दे देंगे, ईडी कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के 150 करोड़ का भी हिसाब लेगी? - कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस अपने भवनों के बनाने के खर्च के एक-एक पैसे का हिसाब दे देगी। ईडी में साहस है तो वह भाजपा के 150 करोड़ रू. की लागत से बने भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे का रुपया कहां से आया इसकी जांच करे? कुशाभाऊ ठाकरे परिसर फाईव स्टार होटल की तर्ज पर बनाया गया है। उसकी लागत कहां से आई ईडी जांच करेगी? रायपुर में ही भाजपा के कार्यालय एकात्म परिसर की जमीन राजनैतिक दल के कार्यालय के लिये भाजपा ने 1 रू. में हासिल किया था। एकात्म परिसर को व्यवसायिक कांपलेक्स में तब्दील कर दिया गया जहां से 1.5 करोड़ रूपया किराया भाजपा वसूलती है ईडी उसकी जांच करेगी? भाजपा के जिला कार्यालयों की लागत का भी ईडी हिसाब मांगेगी?
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के पितृ संगठन आरएसएस ने 500 करोड़ की लागत से दिल्ली में अपना दफ्तर बनाया है। इस रकम के स्रोत की ईडी जांच क्यों नहीं करती है? ईडी ने भाजपा के अनुषांगिक संगठन की भांति काम कर रही है। कांग्रेस कार्यालय की जांच हो सकती है तो भाजपा के कार्यालयो की जांच क्यों नहीं होना चाहिए?
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ईडी ने कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री कवासी लखमा की उनके परिजनों की कुछ संपत्ति भी अटैच किया है। यह आदिवासी नेता को परेशान करने की साजिश है। ईडी की कार्यप्रणाली शुरू से ही संदेह के दायरे में रही है। ईडी कांग्रेस नेताओं को परेशान करने उनकी छवि धूमिल करने के लिये काम कर रही है। जनता ईडी के इन षड्यंत्रों को भली भांति समझ रही है। इस प्रकार के षड्यंत्रों का जवाब जनता देगी।